नेहरू को उपहार में मिले ‘संगोल’ पर देश के लोगों को गुमराह कर रही मोदी सरकार: एचएस लक्की

चंडीगढ़ कांग्रेस ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को 59वीं पुण्यतिथि पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

CHANDIGARH, 27 MAY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी 59वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक याद किया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की पंडित नेहरू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में आज आयोजित किए गए कार्यक्रम में पार्टी की स्थानीय इकाई के अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर लक्की ने भारत के स्वतन्त्रता संग्राम और उसके बाद आधुनिक भारत के निर्माण में पंडित नेहरू के महत्वपूर्ण योगदान को याद किया।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने एक स्वर में नेहरू द्वारा लोकतंत्र के तीन प्रमुख अंगों विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका में सन्तुलन बनाए रखने के लिए प्रशंसा की। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि भारत में लोकतंत्र आज गंभीर खतरे में आ चुका है, क्योंकि मोदी सरकार लोकतंत्र के सभी अलग-अलग अंगों की शक्तियों को कमजोर करने और उन्हें छीनने का प्रयास कर रही है। यहां तक कि देश के राष्ट्रपति तक को उनकी औपचारिक भूमिकाओं से भी वंचित किया जा रहा है। लक्की ने आरोप लगाया कि यह सत्ता के सम्पूर्ण केंद्रीकरण की दिशा में मोदी सरकार का एक और अलोकतांत्रिक प्रयास है, जो भारतीय लोकतंत्र के भविष्य के लिए अच्छा संकेत नहीं है।

लक्की ने 1947 में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तमिलनाडु के एक मठ द्वारा नेहरू को उपहार में दी गई 5 फीट लंबी चांदी की कलाकृति ‘संगोल’ को लेकर मोदी सरकार पर देश के लोगों को गुमराह करने का भी आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान विकसित आइडिया आफ़ इन्डिया और विविधता में एकता जैसे लोकाचार को बदनाम करने के भाजपा के ऐसे प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।

प्रवक्ता के अनुसार कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने मोदी सरकार द्वारा देश के मौजूदा ‘संघीय ढांचे’को लगातार कमजोर करने की कोशिशों पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि आज राज्यों की वित्तीय स्वायत्तता लगभग समाप्त हो गई है और केन्द्र सरकार द्वारा लगातार उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। यहां तक कि केंद्र द्वारा राज्यों द्वारा इकठ्ठा किए गए करों का वैध हिस्सा भी उन्हें नहीं दिया जा रहा है। इस अवसर पर पवन शर्मा, भूपिन्दर सिंह बढ़हेड़ी, हरफूल चंद कल्याण, जसबीर बंटी, कमलेश बनारसी दास, नंदिता हुड्डा, विनोद शर्मा, अच्छे लाल गौर, जाहिद परवेज खान, विक्रम चोपड़ा, दिलावर सिंह, आनंद वालिया, सुरजीत सिंह ढिल्लों, प्रवीण नारंग बंटी, धर्मवीर, रमेश गुप्ता और आशीष गजनवी आदि कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया।

error: Content can\\\'t be selected!!