टिकट वितरण पर अब कांग्रेस में फूटा असंतोष: संगठन सचिव व सचिव ने पार्टी छोड़ी, दोनों कांग्रेस के पूर्व प्रधानों के बेटे हैं, पुराने नेताओं की उपेक्षा से इंटक भी उखड़ा

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए टिकट वितरण के साथ ही भाजपा व आम आदमी पार्टी की तरह कांग्रेस में भी भारी असंतोष पैदा हो गया है। कांग्रेस में भी टिकट कटने से नाराज दावेदारों के पार्टी छोडऩे का सिलसिला चल पड़ा है।

नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण से नाराज कांग्रेस के संगठन सचिव नवीन गुप्ता व सचिव रामचरण गुप्ता ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। दोनों क्रमश: वार्ड नं. 30 व 18 से टिकट मांग रहे थे। नवीन गुप्ता कांग्रेस के पूर्व प्रधान रहे कुलभूषण गुप्ता व रामचरण गुप्ता पूर्व प्रधान शामलाल गुप्ता के सुपुत्र हैं। नवीन गुप्ता ने बताया कि हर बार उनकी वरिष्ठता को नज़रअंदाज करके उनसे जूनियर रहे कई नेताओं को टिकटें दे दी जातीं है जिससे वे अपमानित महसूस कर रहें हैं। उन्होंने बताया कि वे शीघ्र ही अपने अगले कदम के बारे में में खुलासा करेंगे। 

इधर, इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) में भी टिकट वितरण को लेकर भारी असंतोष पैदा हो गया है। इंटक के असंतुष्ट नेताओं ने पार्टी नेतृत्व पर पुराने कांग्रेसियों की निष्ठा को नजरंदाज करने तथा नए लोगों को तरजीह देकर शहर में पार्टी को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। बता दें कि इंटक के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर सिंह नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 31, 32 या 17 से टिकट की मांग कर रहे थे। उन्होंने इसके लिए बाकायदा आवेदन भी किया था लेकिन पार्टी ने वार्ड 31 से पूर्व पार्षद सतीश कैंथ, वार्ड 32 से अभिषेक शैंकी तथा वार्ड 17 से नसीब सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। खास बात यह है कि नसीब सिंह इसी साल इंटक के चंडीगढ़ प्रधान बने हैं, जबकि कुलबीर सिंह करीब 15 साल इंटक के प्रदेश अध्यक्ष रहे। इसके अलावा कुलबीर सिंह चंडीगढ़ के पुराने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की पंक्ति के कद्दावर नेता भी हैं। टिकट वितरण में सीनियोरिटी को नजरंदाज किए जाने से नाराज कुलबीर सिंह का कहना है कि वह इस मामले में अपने समर्थकों से विचार-विमर्श करके परसों तक अगला फैसला करेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!