अपनी दिक्कतों को लेकर वरिष्ठ भाजपा व ट्रेड यूनियन नेता कुलबीर सिंह के पास पहुंची CTU कर्मचारी यूनियन, सौंपा ज्ञापन

CHANDIGARH, 22 JUNE: चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) कर्मचारी यूनियन ने वरिष्ठ भाजपा एवं ट्रेड यूनियन नेता कुलबीर सिंह से मुलाकात कर सीटीयू कर्मचारियों की समस्याओं के हल के लिए उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। कुलबीर सिंह ने सीटीयू कर्मचारियों की मांगों पर अपना पूर्ण समर्थन देते हुए उनके शीघ्र हल के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि कुलबीर सिंह इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन (इंटक) के लंबे समय तक चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने हमेशा चंडीगढ़ में श्रमिकों व कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाते हुए कई आंदोलनों का नेतृत्व किया तथा कर्मचारियों की अनेक समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका अदा की है। नगर निगम चुनाव-2021 के दौरान भाजपा ने उन्हें कांग्रेस से तोड़कर अपने साथ ले लिया था। भाजपा में शामिल होने के बाद भी कुलबीर सिंह लगातार श्रमिकों व कर्मचारियों के हित में काम कर रहे हैं।

इसी के मद्देनजर हाल ही में सीटीयू कर्मचारी यूनियन का चुनाव जीते नेताओं ने वरिष्ठ भाजपा एवं ट्रेड यूनियन नेता कुलबीर सिंह से मुलाकात की तथा उन्हें ज्ञापन दिया। इस मौके पर ट्रेड यूनियन एवं भाजपा नेता हरजिंदर सिंह भी मौजूद थे। सीटीयू कर्मचारी नेताओं ने कुलबीर सिंह को बताया कि सीटीयू में ठेके पर कर्मचारी न रखने व लंबे रूट्स पर बसें चलाकर सीटीयू को फायदा पहुंचाने जैसी उनकी मांगों पर चंडीगढ़ प्रशासन उचित कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसको लेकर सीटीयू कर्मचारी निराश हो रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा एवं ट्रेड यूनियन नेता कुलबीर सिंह ने नए चुने गए सीटीयू कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों का मालाएं पहनाकर स्वागत कर उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्हें आश्वासन दिया कि वह सीटीयू कर्मचारियों की तमाम दिक्कतों व मांगों को लेकर शीघ्र ही पार्टी नेतृत्व को साथ लेकर चंडीगढ़ प्रशासन के उच्चाधिकारियों से बातचीत करेंगे व निश्चित तौर पर कर्मचारियों को राहत दिलवाई जाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!