जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के खिलाफ चंडीगढ़ में आपराधिक शिकायत

इंटक के प्रदेश अध्यक्ष नसीब जाखड़ ने लगाया महात्मा गांधी का अपमान करने का आरोप

CHANDIGARH, 24 MARCH: भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के चण्डीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नसीब जाखड़ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ टिप्पणी करने पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के खिलाफ आज यहां एक आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है।

चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के दफ्तर में दाखिल इस शिकायत में कहा गया कि कल शहीदी दिवस के अवसर पर आईटीएम विश्वविद्यालय ग्वालियर के परिसर में बोलते हुए सिन्हा ने राष्ट्रपिता का मख़ौल उड़ाया और उनकी शैक्षिक योग्यता पर संदेह जताया। मनोज सिन्हा ने कहा कि महात्मा के पास केवल एक हाईस्कूल डिप्लोमा था। उन्होंने कभी कोई डिग्री नहीं पास की।

जाखड़ ने आरोप लगाया कि उन्हें और देशभर में महात्मा गांधी के अनुयायियों को मनोज सिन्हा की इस अपमानजनक टिप्पणी से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कानून के अनुसार मनोज सिन्हा के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

इस बीच, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने उम्मीद जताई कि चंडीगढ़ पुलिस जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल पर लगे आरोपों की फौरी और निष्पक्ष जांच करेगी तथा भाजपा और केंद्र में उसकी सरकार के दबाव में आकर मामले को दबाने का प्रयास नहीं करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!