भगवान वाल्मीकि के संदेशों पर चलकर ही देश व समाज को विघटनकारी शक्तियों से बचाया जा सकता हैः मनीष बंसल

चंडीगढ़ में निकाली गई भगवान वाल्मीकि की भव्य शोभायात्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष बंसल ने किया उदघाटन

CHANDIGARH: भगवान श्री वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के मौके पर चंडीगढ़ में आज एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान वाल्मीकि शोभायात्रा कमेटी के चेयरमैन प्रेमपाल चौहान के नेतृत्व में निकाली गई इस शोभायात्रा का उदघाटन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष बंसल ने झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला व प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक विशेष तौर पर मौजूद रहे।

शोभायात्रा धनास के स्मॉल फ्लैट से शुरू हुई और शहर के विभिन्न सेक्टरों से गुजरते हुए सेक्टर-30 के श्री गुरु रविदास गुरुद्वारे पर पहुंचकर संपन्न हुई। इससे पहले शोभायात्रा का उदघाटन करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष बंसल ने सभी लोगों को भगवान श्री वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्री वाल्मीकि जी ने समाज को शिक्षित बनो, संघर्ष करो, संगठित रहो का जो संदेश दिया, उसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। मनीष बंसल ने कहा कि भगवान श्री वाल्मीकि जी का यह संदेश आज तब और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है जब कुछ शक्तियां अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज को बांटने की कोशिशों में लगी हुई हैं। आज भगवान श्री वाल्मीकि जी के संदेश के रास्ते पर चलकर ही समाज व देश को विघटनकारी शक्तियों से बचाया जा सकता है।

इस शोभायात्रा में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें रविदास समाज, कबीर पंथी, धानक समाज और मुस्लिम समुदाय की ओर से शोभायात्रा को भरपूर समर्थन मिला। इस शोभायात्रा में शामिल मनमोहक झांकियों के जरिए भगवान वाल्मीकि के संदेशों को प्रचारित किया गया। इसके अलावा शोभायात्रा में लव कुश, हनुमान और सीता माता की झांकियां भी शामिल थीं। शोभायात्रा के दौरान धर्मगुरु स्वामी चंद्रपाल अनार्य, कमेटी के महासचिव रमेश चंद्र, जयपाल बागड़ी, महिला अध्यक्ष बबीता चनालिया और उप चेयरमैन प्रदीप बिड़ला भी उपस्थित थे।

error: Content can\\\'t be selected!!