पार्षद देवशाली ने रेल मंत्री को लिखा पत्रः चंडीगढ़ से अयोध्या तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग की

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी के वार्ड 20 से पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से चंडीगढ़ से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या तक सीधी रेलसेवा प्रारंभ करने का अनुरोध किया है।

रेलमंत्री को लिखे पत्र में देवशाली ने कहा कि प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली श्रीअयोध्याजी हमारे प्रमुख तीर्थ स्थलों में है। प्रत्येक वर्ष देश-विदेश से लाखों की संख्या में दर्शनाभिलाषी श्री अयोध्याजी जाकर प्रभु श्रीराम जी के दर्शन कर मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। चंडीगढ़ उत्तर भारत का एक प्रमुख शहर है जहाँ भारी संख्या में प्रभु श्रीराम के आराधक निवास करते हैं। इसके अतिरिक्त आस-पास कई प्रमुख शहर हैं जिनके लिए चंडीगढ़ रेलगाड़ी के माध्यम से यात्रा करने हेतु एक प्रमुख स्टेशन है। चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्र से प्रतिदिन हजारों की संख्या में रामभक्त श्रीअयोध्याजी जाना चाहते हैं पर चंडीगढ़ से कोई भी सीधी रेलगाड़ी न होने के कारण रामभक्तों को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। रामभक्तों को श्री अयोध्याजी जाने के लिए या तो अम्बाला जाकर रेलगाड़ी मिलती है या फिर चंडीगढ़ से पहले लखनऊ जाना पड़ता है और फिर वहां दूसरी रेलगाड़ी का लंबा इंतज़ार करके श्रीअयोध्याजी जाना पड़ता है। जिससे पूरी यात्रा में 5 से 6 घंटे का अतिरिक्त समय लगता है। इसी प्रकार श्रीअयोध्याजी से वापसी के लिए भी यही सारी प्रक्रिया दोहरानी पड़ती है जिसकी वजह से वृद्ध और बच्चों को यात्रा करने में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है।

देवशाली ने कहा कि चंडीगढ़ और इसके आसपास एक बहुत बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है जिसमें काम करने वाले कर्मचारी और श्रमिक बहुतायत में प्रवासी बंधु हैं जिनमें से बहुत से लोग श्री अयोध्याजी या इसके आसपास के क्षेत्र से सम्बन्ध रखते हैं। ये सभी प्रवासी बंधु भी चंडीगढ़ से अपने गृह क्षेत्र तक आने-जाने हेतु प्रतिदिन बहुत बड़ी संख्या में इन रेलगाडिय़ों का प्रयोग करते हैं। चंडीगढ़ से श्री अयोध्याजी के समीप स्थित लखनऊ के लिए लगभग 8 रेलगाडिय़ां वर्तमान में चल रही हैं जिनमें से एक रेलगाड़ी संख्या 02232 प्रतिदिन चलती है। श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र जाने वाले तीर्थयात्रियों को तत्काल सुविधा प्रदान करने हेतु उपरोक्त रेलगाड़ी जो चंडीगढ़ से लखनऊ तक जाती है, इसके रुट में कुछ किलोमीटर की वृद्धि करते हुए इसे श्री अयोध्याजी तक बढ़ाया जाये। इस निर्णय से बिना किसी अतिरिक्त रेलगाड़ी को प्रारम्भ किये बिना ही बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों को सुविधा प्रदान की जा सकती है जिससे रामभक्तो को अतीव प्रसन्नता की अनुभूति होगी।

देवशाली ने कहा कि चंडीगढ़ से श्रीअयोध्याजी तक रेलगाड़ी प्रारम्भ होने से केवल चंडीगढ़ ही नहीं अपितु पंजाब, हरियाणा और हिमाचल तक के रामभक्त श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के दर्शन सरलता से कर पाएंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!