कोरोना टीकाकरण अभियानः भाजपा ने शुरू की लाभार्थियों को सम्मानित करने की मुहिम, अरुण सूद ने दिए कर्मचारियों को फूल

CHANDIGARH: देश में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत के मौके पर आज लाभार्थियों को सम्मानित करने के लिए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने भी विशेष अभियान की शुरुआत की। इसके अंतर्गत चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचकर टीकाकरण लाभार्थियों से मुलाकात की और उन्हें फूल देकर सम्मानित किया।

अरुण सूद ने मोदी का आभार जताया, सभी को दी बधाई
अरुण सूद ने टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों की भरपूर प्रशंसा करते हुए कहा कि देश में अन्य स्थानों की तरह चंडीगढ़ में भी टीकाकरण अभियान को व्यवस्थित ढंग से चलाया जा रहा है, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वैश्विक महामारी के दौरान जिस प्रकार से उन्होंने परिवार के मुखिया के नाते अपना दायित्व निभाया, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है। देशवासियों को इस बीमारी से निजात दिलाने में उन्होंने युद्ध स्तर तक अभियानों की शुरुआत की, उनमें टीकाकरण अभियान भी एक महत्वपूर्ण कड़ी है। परिणामस्वरूप आज सभी लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिए स्वदेशी कंपनियों द्वारा बहुत कम समय में वैक्सीन सम्भव हो पाई। वाकई ये बेहद चुनौतिपूर्ण दौर था।

टीकाकरण की व्यवस्थाओं पर संतुष्टि व्यक्त की
चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में टीकाकरण की व्यवस्थाओं देखकर संतुष्टि व्यक्त करते हुए बताया कि लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके व्यापक प्रबन्ध किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम मुस्तैद दिखाई दी। विभिन्न चरणों से गुजरते हुए लाभार्थियों ने बेहतरीन ढंग से टीका लगवाया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मी सभी लाभार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए दिखाई दिए। रजिस्ट्रेशन से लेकर टीकाकरण तक को चरणबद्ध ढंग से रखा गया था। उन्होंने आज के टीकाकरण के अभियान की सफल शुरुआत पर सभी चण्डीगढ़वासियों को भी बधाई दी।

ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग, अधीक्षक डॉ. वी.के. नागपाल, उप स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. परमजीत सिंह, भाजपा मेडिकल सैल के प्रेजिडेंट प्रिंस बुंदेला, संजय वर्मा, दीपांशु सूद, संजीव सबरवाल, विजय शर्मा, रविंदर सिंह रावत, खुशविंदर सिंह एवं जिला नम्बर-5 के जिला अध्यक्ष डॉ. नरेश पांचाल के अतिरिक्त अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!