CORONA: भाजपा में चंडीगढ़ से लेकर पंजाब तक हड़कंप, जानिए कौन हुआ संक्रमित

सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय सील, पार्टी के चंडीगढ़ व पंजाब प्रदेश दफ्तर किए जा रहे सेनेटाइज

CHANDIGARH: कोरोना वायरस ने एक बार फिर यहां भाजपा में हड़कंप मचा दिया है। अबकी बार इस वायरस ने चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा से लेकर पंजाब प्रदेश भाजपा तक के नेताओं की नींद उड़ा दी है। क्योंकि पंजाब प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री दिनेश कुमार CORONA पॉजिटिव पाए गए हैं और दिनेश कुमार चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के भी संगठन मंत्री हैं।

भाजपा नेताओं को चिंता में डालने वाली बात यह है कि संगठन मंत्री दिनेश कुमार ने गत 29 अगस्त को पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में भाग लिया था तो 30 अगस्त को वह चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में मौजूद थे। लिहाजा, चंडीगढ़ व पंजाब के तमाम के कई भाजपा नेताओं ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है।

संगठन मंत्री दिनेश कुमार की तबियत चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के दौरान ही बिगड़ गई थी। इस वर्चुअल बैठक में वह सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, महासचिव रामबीर भट्टी व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ उपस्थित रहकर जुड़े थे।

अरुण सूद ने मीडिया को बताया कि तबियत बिगड़ने के बाद संगठन मंत्री को अस्पताल ले जाकर उनका कोविड टैस्ट कराया गया था। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। हालांकि सूद का कहना है कि उस समय बैठक में मौजूद किसी भी अन्य व्यक्ति को क्वारंटाइन होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि संगठन मंत्री दिनेश कुमार थोड़ा समय ही बैठ पाए थे।

दूसरी तरफ, संगठन मंत्री दिनेश कुमार के CORONA पॉजिटिव होने के बाद पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा समेत कई नेताओं ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। संगठन मंत्री दिनेश कुमार चंडीगढ़ में सेक्टर-37 स्थित पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यालय में आइसोलेट किए गए हैं। कार्यालय स्टाफ का भी कोविड टैस्ट कराया जा रहा है। चंडीगढ़ व पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यालयों को सेनेटाइज भी किया जा रहा है। पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यालय सील कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें- अनलॉक-4: कोरोना की चुनौती खत्म न होने तक सामान्य उड़ानें शुरू नहीं हो सकतींः पुरी

error: Content can\\\'t be selected!!