सेक्टर-34 में कांग्रेस की जनसभाः पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी को मामूली व आम जनता के साथ क्रूर मजाक बताया पवन बंसल ने

CHANDIGARH: पूर्व केंद्रीय मंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने आज महंगाई को लेकर एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार को घेरा। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में दो दिन पहले की गई कमी को बहुत कम राहत व देश के लोगों के साथ क्रूर मजाक बताते हुए भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की।

पवन बंसल आज राजीव गांधी कांग्रेस भवन सेक्टर-35 में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद बंसल ने क्षेत्रीय कांग्रेस पार्षद रविंदर कौर गुजराल द्वारा सेक्टर 34 में आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 30 से 40 रुपए वृद्धि की गई थी लेकिन कमी सिर्फ 5 से 10 रुपए की गई, जो बहुत कम तथा आम जनता को कोई राहत देने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार आम आदमी के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो गई है।

जनसभा को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि बीजेपी दोनों हाथों से लोगों को लूट रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई के मुद्दे को शहर के कोने-कोने तक ले जाएंगे, क्योंकि शहर के लोग इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। चावला ने सभी मोर्चों पर विफल होने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले चंडीगढ़ नगर निगम को भी कोसा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी, जो अपने भाषण कौशल और नजमों के लिए जाने जाते हैं, कल शाम 4 बजे मनीमाजरा में एक बड़ी जनसभा में जनता को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस पार्षद रविंदर कौर गुजराल ने कहा कि भाजपा ने लोगों को हमेशा धोखा दिया है। शहर के निवासियों पर कई टैक्स लगाकर व पानी के रेट बढ़ाकर भाजपा ने विश्वासघात किया। कांग्रेस पार्षद रविंदर कौर गुजराल ने पिछले पांच साल में अपने वार्ड में अपने द्वारा किए गए विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। इस बीच, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव और मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की ने बताया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी नगर निगम चुनाव अभियान को आगे बढ़ाएगी। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक, पवन शर्मा, प्रवक्ता हरमेल केसरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे, प्रदेश संगठन सचिव साहिल दुबे आदि भी उपस्थित थे।

error: Content can\\\'t be selected!!