महंगाई पर Congress का आंदोलन जारीः महिलाओं ने लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकर केंद्र सरकार के खिलाफ गुस्सा जताया

CHANDIGARH: महंगाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की तरफ से लगातार किए जा रहे आंदोलन के तहत आज चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस ने बापूधाम कॉलोनी मे रसोई गैस के बजाय लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकर गुस्सा जताया। रसोई गैस, तेल, खाद्य पदार्थों की बढ़ी हुई कीमतों के विरोध में चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा चंडीगढ़ के हर कोने में प्रदर्शन किया जा रहा है।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने बताया कि इसी आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए आज बापूधाम में चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष रानो देवी और वहा की महिला कांग्रेस इंचार्ज ज्योति व ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा के नेतृत्व में यह रोष प्रदर्शन किया गया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज देश का हर नागरिक बढ़ी हुई महंगाई से बहुत ज्यादा त्रस्त है। आज लोगों के पास रोजगार नहीं है लेकिन गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल, खाद्य सामग्री के दामों में बहुत ज्यादा वृद्धि होने के कारण लोग बहुत ज्यादा दुखी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि जल्द से जल्द खाद्य सामग्री के दामों को काम किया जाए, अन्यथा यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री के घर तक पहुंच जाएगा। दीपा दुबे ने कहा कि लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकर प्रदर्शन करके महिला कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि गैस सिलेंडर के दामों में इसी तरह वृद्धि होती रही तो देश के नागरिक अपने घरों में लकड़ी के चूल्हे पर ही खाना बनाने को मजबूर हो जाएंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!