चंडीगढ़ के कांग्रेसजनों ने धरने पर बैठे खिलाड़ियों के समर्थन में सुखना लेक पर निकाला कैंडल मार्च

यूथ कांग्रेस ने किया आयोजन, एचएस लक्की ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की मांग की

CHANDIGARH, 20 JANUARY: चंडीगढ़ टेरिटोरियल यूथ कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज लोबाना के नेतृत्व में आज यहां सुखना लेक पर उन अंतरराष्ट्रीय व ओलंपिक खिलाड़ियों के साथ एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए कैंडल लाइट मार्च का आयोजन किया, जो भारतीय कुश्ती संघ के प्रेसिडेंट एवं सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

कांग्रेसी प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं और न्याय देने में देरी के लिए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी इंसाफ के लिए भीषण ठंड के मौसम में धरने पर बैठने को मजबूर हैं, जो कि शर्मनाक है। मनोज लोबाना ने कहा कि देश के युवा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ एकजुटता से खड़े हैं और न्याय मिलने तक विरोध करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें साझा करने का कोई मौका नहीं छोड़ने वाली मोदी सरकार कायरों की तरह मुद्दे से भाग रही है।

चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने कहा कि महिला पहलवान धरने पर बैठी हैं। भाजपा के सांसद पर यौन उत्पीडऩ के आरोप हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि आप ठंड के कारण चुप हो या सांसद की ताकत के कारण? क्या देश को अब उम्मीद करनी चाहिए कि बीबीसी गुजरात की तरह उस पर भी डॉक्यूमेंट्री बनाए और ब्लॉक हो जाए। नारी की पूजा करने वाले देश के पुजारी कहां भाग गए? यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि देर से मिला न्याय न्याय नहीं होता है।

error: Content can\\\'t be selected!!