मनीमाजरा में आप की चुनौती को कमजोर करने में जुटी कांग्रेस, 12 दिन में दूसरी बार पहुंचे छाबड़ा

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के साथ की मीटिंग, सभी को एकजुटता का पढ़ाया पाठ

जनसमस्याओं को लेकर मनीमाजरा स्थित नगर निगम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया

CHANDIGARH: शहर में लगातार तेज हो रही आम आदमी पार्टी की सक्रियता और मनीमाजरा के पुराने कांग्रेसियों में बढ़ रही टूट को देखते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में बेचैनी देखी जा रही है। कांग्रेस अब मनीमाजरा में आप की चुनौती को कमजोर करने में जुट गई है। यही कारण है कि पिछले 12 दिन में आज दूसरी बार चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा मनीमाजरा पहुंचे और यहां कांग्रेसजनों के साथ बैठक कर उन्हें एकजुटता का पाठ पढ़ाया। साथ ही जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम के मनीमाजरा स्थित दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।

मनीमाजरा पर आम आदमी पार्टी की नजर
मनीमाजरा चंडीगढ़ का सबसे बड़ा और अहम कस्बा है। एक समय यहां कांग्रेस का खासा जनाधार था लेकिन बाद में कांग्रेसी गुटबाजी और निष्क्रियता का फायदा भाजपा ने उठा लिया। अब यहां आम आदमी पार्टी की नजर है। नगर निगम चुनाव-2021 में कांग्रेस के सफाए के लिए आम आदमी पार्टी में शामिल किए गए पूर्व कद्दावर कांग्रेसी चंद्रमुखी शर्मा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस को पहला झटका मनीमाजरा में ही दे चुके हैं। उन्होंने आप में अपनी ज्वाइनिंग के पांच दिन बाद ही मनीमाजरा के पुराने और बड़े कांग्रेसी चेहरे चितरंजन चंचल समेत कई अन्य को आम आदमी पार्टी की टोपी पहना दी तो दो दिन पहले फिर मनीमाजरा में आप की मीटिंग करके चंद्रमुखी शर्मा ने कांग्रेस में नई सेंध लगा दी। माना जा रहा है कि यदि मनीमाजरा में कांग्रेसियों की टूट का सिलसिला और तेज हो गया तो चंडीगढ़ का एक बड़ा हिस्सा कांग्रेस के हाथ से फिसल जाएगा। इसलिए अब चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने मनीमाजरा में कांग्रेसजनों को एकजुट करने के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।

मनीमाजरा में पहले झटके के बाद भी कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद जब चंद्रमुखी शर्मा ने मनीमाजरा के पुराने कांग्रेसी चेहरे चितरंजन चंचल समेत कई अन्य को आप की टोपी पहना दी थी तो सकते में आई चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में आनन-फानन में अगले ही दिन मनीमाजरा में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था। पूरे मनीमाजरा में पैदल मार्च निकाला गया। इसका मकसद सिर्फ शक्ति प्रदर्शन और मनीमाजरा के कांग्रेसजनों में सक्रियता बढ़ाना था। साथ ही आम आदमी पार्टी और भाजपा को यह संदेश भी देना था कि मनीमाजरा में कांग्रेस अब भी मजबूती से डटी है। यह बात अलग है कि मनीमाजरा में कांग्रेस का ऐसा प्रदर्शन लंबे समय बाद देखा गया लेकिन आम आदमी पार्टी की लगातार चुनौती को देखते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा रविवार को फिर मनीमाजरा पहुंच गए।

कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता के लिए रखे सुझाव
रविवार को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने मनीमाजरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की। इस दौरान पार्टी को मनीमाजरा में मजबूत करने के लिए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने सुझाव रखे। साथ ही कई मुद्दों पर चर्चा की गई। मीटिंग में फैसला किया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर बीजेपी की जनविरोधी नीतियों से लोगों को अवगत कराएंगे। मीटिंग में कहा गया कि भाजपा शासित नगर निगम की लापरवाही के कारण शहर का बुरा हाल है। पिछले चार-पांच सालों में लोगों पर भारी-भरकम टैक्स लगा दिए गए हैं। पानी के रेट तीन गुना बढ़ा दिए हैं। सड़कें टूटी हुई हैं। रेहड़ी-फड़ी वालों से 2 हजार से तीन हजार रुपए किराया लेने के बावजूद उन्हें एक जगह टिककर काम नहीं करने दिया जा रहा है। मीटिंग में निर्णय लिया गया कि कांग्रेस लोगों की समस्याओं को हल करवाने के लिए जल्द ही मनीमाजरा स्थित नगर निगम के दफ्तर के आगे धरना-प्रदर्शन करेगी।

मीटिंग को इन कांग्रेसजनों ने किया संबोधित
इस मीटिंग को पूर्व मेयर सुरिंदर सिंह, पूर्व मेयर गुरचरण दास काला, ब्लॉक कांग्रेस प्रधान संजय भजनी, सुरजीत ढिल्लो, रामेश्वर गिरि, संजीव गाबा, मलकीत सिंह, रमेश गोयल, श्याम सिंह, अशोक कुमार, रविंदर बिट्टा, फतेह सिंह, रईस अहमद, कुलवंत जग्गा, बुआ सिंह, आरपी शर्मा, रणजीत गौतम, ताज मोहम्मद, मतलूब मत्ता, शमशाद बानो, रफिकन, हरीश कुमार, रामप्रकाश चौधरी, जगविंदर पाल सिंह, सादिक मोहम्मद, रवि सरोय, मुस्तकीम, राम किशन, प्रेम चंद, अमर सिंह ज्ञानी, फेहमीद अली, सतनाम सिंह, नवाब अली, बिट्टू, आईडी शर्मा, हीरा सिंह आदि ने संबोधित किया।

error: Content can\\\'t be selected!!