डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन सोसायटी के चुनाव में कांग्रेस समर्थित ओम प्रकाश सैनी ग्रुप की हुई जीत, धर्मवीर राणा बने प्रधान

कांग्रेस, भाजपा और AAP से जुड़े गुटों के बीच प्रतिष्ठा का सवाल बन गया था यह चुनाव, राणा ने सुरेंद्र कांगड़ा को दी प्रधान पद पर मात

CHANDIGARH, 25 SEPTEMBER: डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन सोसायटी चंडीगढ़ के प्रधान का चुनाव आज सेक्टर-24 स्थित वाल्मीकि मंदिर के परिसर में हुआ, जिसमें सभी डोर टू डोर गारबेज कलेक्टरों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। प्रधान पद के लिए 92 प्रतिशत वोटिंग हुई।

बता दें कि डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन सोसायटी चंडीगढ़ के प्रधान के चुनाव में दो गुटों के बीच सीधा मुकाबला हुआ। शहर के वाल्मीकि समाज में अपनी पकड़ बनाने के लिए यह चुनाव दोनों गुटों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया था। इस चुनाव में एक तरफ डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन सोसायटी चंडीगढ़ के चेयरमैन ओम प्रकाश सैनी का गुट था, जो कि सीधे तौर पर कांग्रेस पार्टी से सम्बन्धित है। सैनी गुट डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन सोसायटी चंडीगढ़ के प्रधान पद के उम्मीदवार धर्मवीर राणा का समर्थन कर रहा था, जबकि दूसरी ओर भाजपा व आम आदमी पार्टी समर्थित गुट इस चुनाव में प्रधान पद के प्रत्याशी सुरेन्द्र कांगड़ा का समर्थन कर रहा था। इस बीच कांग्रेस से जुड़े रहे शमशेर लोटिया भाजपा और आम आदमी पार्टी समर्थित उम्मीदवार को समर्थन दे रहे थे लेकिन इस चुनाव में ओम प्रकाश सैनी ग्रुप के धर्मवीर राणा की जीत हुई।

डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन सोसायटी चंडीगढ़ के प्रधान का यह चुनाव आगामी वाल्मीकि शोभायात्रा पर वर्चस्व की लड़ाई के रूप में भी देखा जा रहा था।दोनों उम्मीदवारों ने अपने-अपने स्तर पर पूरे जोरशोर से चुनाव प्रचार किया था।

प्रधान चुने जाने के बाद धर्मवीर राणा ने कहा कि विरोधी दल के कार्यकर्ता उनके बारे में जानबूझ कर आडियो वीडियो वायरल कर रहे थे, उनकी मैं और हमारी टीम पूरी ईमानदारी से अपना प्रचार अभियान चला रही थी। विरोधी नेताओं पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग ओछी राजनीति कर रहे हैं और इन्होंने वोटरों को भड़काने का प्रयास किया। उन्हें शराब और पैसों का लालच दिया गया। नवनिर्वाचित प्रधान धर्मवीर राणा ने विश्वास दिलाया कि डोर टू डोर गारबेज कलेक्टरों की हर कसौटी पर खरा उतरूंगा। गारबेज कलेक्टरों के हकों के लिए चाहे किसी हद तक जाना पड़े, मैं पीछे नहीं हटूंगा। वाल्मीकि समाज की शोभायात्रा में भी डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन सोसायटी चंडीगढ़ एक नया इतिहास रचेगी। धर्मवीर राणा ने प्रधान पद के लिए उनका भारी समर्थन करने पर सभी डोर टू डोर गारबेज कलेक्टरों का दिल से आभार व्यक्त किया।

इससे पहले डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन सोसायटी चंडीगढ़ के चेयरमैन ओम प्रकाश सैनी ने सोसायटी के प्रधान पद के लिए हुई वोटिंग के नतीजों की घोषणा करते हुए बताया कि कुल वोट 827 पोल हुए, जिसमें धर्मवीर राणा को 441 वोट पड़े और सुरेंद्र कांगड़ा को 376 वोट मिले। 10 वोट रद्द हुए। इस तरह सैनी ने 66 वोटों से धर्मवीर राणा को विजयी घोषित किया तो धर्मवीर राणा के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई और वह ढोल-नगाड़ों से खुशियां मनाने लगे।

error: Content can\\\'t be selected!!