चंडीगढ़ में कांग्रेस ने शुरू की तिरंगा यात्रा, 7 दिन तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकलेंगे कांग्रेसजन

प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में सेक्टर-34 व 35 से निकली पहली पदयात्रा

CHANDIGARH, 9 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस और चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की के नेतृत्व में अगले 7 दिनों में रोजाना चलने वाली पदयात्राओं की आज शाम शुरूआत की। भारत माता की जय के नारों के बीच आज शाम सैकड़ों कांग्रेसियों ने सेक्टर-34 और-35 से मार्च निकाला। कांग्रेसियों ने निवासियों के बीच लड्डू बांटे, जिन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

आज की पदयात्रा का आयोजन स्थानीय नगर निगम पार्षद रविन्दर कौर गुजराल ने किया था। आज का मार्च जिसे ‘आज़ादी की गौरव यात्रा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ का नाम दिया गया है, के देशव्यापी आयोजन का फैसला पार्टी के उदयपुर चिंतन शिविर के दौरान किया गया था।यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगे झण्डों को सम्मानपूर्वक लहराया गया और लगातार देशभक्ति के गीत बजाए गए।

मार्च के दौरान सभी स्वतंत्रता सेनानियों, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने जीवन और परिवारों को दांव पर लगा दिया और विदेशी शासकों के अत्याचारों का सामना बड़ी बहादुरी से किया, को याद किया गया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर महात्मा गांधी और जवाहर लाल नेहरू के चित्रों को मालाएं भी पहनायी गईं।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने इस अवसर पर स्वतन्त्रता संग्राम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मुस्लिम लीग और हिंदू महासभा की राष्ट्र विरोधी भूमिका को भी उजागर किया, जिन्होंने आज़ादी के परवानों के विरूद्ध जाकर अंग्रेजों का साथ दिया और सांप्रदायिक कारणों से स्वतंत्रता के संघर्ष का विरोध किया। लक्की ने चंडीगढ़ के लोगों से इस पदयात्रा में भाग लेने का भी आग्रह किया, ताकि आज की युवा पीढ़ी भी भारत के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम के अनुपम इतिहास से अवगत हो सके, जिसका नेतृत्व उस समय के कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने किया था। आजादी की गौरव यात्रा में चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस, चण्डीगढ़ सेवादल एवं चण्डीगढ़ युवा कांग्रेस के अध्यक्षों के अलावा प्रदेश, जिला एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटियों, पार्टी के अग्रणी संगठनों एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों सहित कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

error: Content can\\\'t be selected!!