कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने भाजपा के नवनिर्वाचित मेयर को दी बधाई, सभी पार्टियों से चण्डीगढ़ के हित में मिलकर काम करने का किया आह्वान

कांग्रेस प्रवक्ता ने आम आदमी पार्टी की आलोचना की, चुनाव में धन बल का प्रयोग करने का लगाया आरोप

CHANDIGARH, 17 JANUARY: चंडीगढ़ कांग्रेस ने आज भाजपा के नवनिर्वाचित मेयर को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि इस साल नगर निगम शहर के निवासियों की कई गंभीर समस्याओं का समाधान ढूंढ़ने में सफल रहेगा। कांग्रेस की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष एचएस लक्की ने सभी स्थानीय राजनीतिक दलों को चण्डीगढ़ के हित में साथ मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि हालांकि भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम के पिछले सात वर्षों के रिकॉर्ड के बारे में बात करने के लिए कुछ भी उल्लेखनीय नहीं है, फिर भी चंडीगढ़ कांग्रेस को उम्मीद है कि सबके सहयोग से शहर अपनी वृद्धि और विकास के मामले में इस साल नई गति प्राप्त कर सकेगा।

लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस शहर के लोगों के हित में नगर निगम के सभी जनहितैषी कार्यक्रमों और नीतियों को लागू करने में अपने सहयोग देने का आश्वासन देती है।

इस बीच, चंडीगढ़ कांग्रेस ने चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव से कुछ घंटे पहले एक कांग्रेसी पार्षद के बारे में दलबदल की कथित झूठी और शरारत से परिपूर्ण अफवाह फैलाने के लिए आम आदमी पार्टी की आलोचना की है। चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने आम आदमी पार्टी पर दूसरे दलों के पार्षदों को दलबदल करवा कर अपनी ओर खींचने के लिए अपनी भारी धन शक्ति का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी पंजाब में पिछले कुछ महीने से इस तरह के अलोकतांत्रिक गतिविधियों में संलिप्त रही है। प्रवक्ता ने कहा, आम आदमी पार्टी ने भाजपा से दूसरे दलों के नेताओं की खरीद-फरोख्त के सारे गुर सीख लिए हैं और इस संबंध में वह भाजपा के ही नक्शेकदम पर चल रही है। यह आश्वासन देते हुए कि चण्डीगढ़ की जनता के जनादेश के अनुसार काग्रेंस के सभी पार्षद निगम में एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाते रहेंगे, प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस पहले भी चंडीगढ़ के लोगों के जीवन को प्रभावित करने वाले सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को लगातार और पूरे ज़ोर से उठाती रही है और भविष्य में भी भाजपा और आप, इन दोनों पार्टियों की जनविरोधी नीतियों का सदन के भीतर और सदन के बाहर, दोनों जगह पुरज़ोर विरोध करती रहेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!