चंडीगढ़ के लोगों के लिए कांग्रेस ने शुरू की एंबुलैंस सेवाः 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी जीवन रक्षक उपकरणों से लैस 3 एंबुलैंस, जारी किए हैल्पलाइन नंबर

CHANDIGARH: कोरोना की दूसरी लहर के बीच शहर में मास्क, सेनेटाइजर, साबुन व जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरण कर रही चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज एंबुलैंस सेवा भी शुरू कर दी। चंडीगढ़ के निवासियों के लिए जरूरत के समय प्रदेश कांग्रेस की 3 एंबुलैंस 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। यह एंबुलैंसें सभी जरूरी आपातकालीन उपकरणों से लैस हैं।

पवन बंसल व चावला की मौजूदगी में लोगों को समर्पित की गई एंबुलैंस सेवा

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में आज इन एंबुलैंसों को चंडीगढ़ के निवासियों के लिए समर्पित किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने बताया कि चंडीगढ़ के लोगों की सेवा में फिलहाल 3 एम्बुलैंस लगाई गई हैं। इस मौके पर राजीव गांधी कांग्रेस भवन सेक्टर-35 में आयोजित किए गए एक संक्षिप्त समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने कहा कि आज कोरोनाकाल के कठिन समय में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा यह एक छोटा सा प्रयास है।

बंसल ने शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण पर चिंता जताई

इस मौके पर बंसल ने शहर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लोग पीड़ित हैं और उन्हें बेड, ऑक्सीजन, जीवन रक्षक दवाएं व अस्पताल में प्रवेश तक नहीं मिल रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने दी दिशा में प्रशासन से अपने प्रयासों को तेज करने का आग्रह किया, ताकि अधिकतम लोगों के जीवन को बचाया जा सके और इस माहामारी में कोई भी अपने प्रियजन को नहीं खोए।

संकट में हर व्यक्ति की मदद करेगी कांग्रेसः सुभाष चावला

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चावला ने उन लोगों के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने यह एम्बुलैंसें उपलब्ध कराने में मदद की। उन्होंने शहर के निवासियों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी उन सभी लोगों की मदद करने का प्रयास करेगी, जो संकट में हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद के लिए पार्टी के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एंबुलैंस सेवा के लिए इन हैल्पलाइन नंबरों पर कर सकते हैं कॉल

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की ने बताया कि इन एंबुलैंसों पर 2 मोबाइल फोन नंबर 9815533888 और 7589065075 प्रदान किए गए हैं। जिन लोगों को इनकी सेवाओं की आवश्यकता है, वह इन नंबरों पर किसी भी समय फोन कर सकते हैं। लक्की ने बताया कि इन एम्बुलैंसों को पूरी तरह महत्वपूर्ण उपकरण, अटैंडेंट, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य जीवन रक्षक उपकरणों से लैस किया गया है। उन्होंने बताया कि यह सेवा शुरू में 3 महीने की अवधि के लिए होगी।

error: Content can\\\'t be selected!!