दीवाली बाद निगम चुनाव को हवा देने की तैयारी में कांग्रेसः 7 नवंबर को चंडीगढ़ में चुनावी बिगुल फूंकने आ रहे इमरान प्रतापगढ़ी, होगी बड़ी जनसभा

CHANDIGARH: दिसंबर में होने वाला चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव अब जोर पकड़ने जा रहा है। राजनीतिक दलों ने दीवाली के बाद चुनावी सरगर्मियों को हवा देने की तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने 7 नवंबर से शहर में व्यापक प्रचार अभियान शुरू करने की रणनीति बनाई है। इस दिन कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी चंडीगढ़ आ रहे हैं। वह यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित कर चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस का बिगुल फूंकेंगे। पार्टी इस जनसभा के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कर रही है। इमरान प्रतापगढ़ी के साथ कांग्रेस के कई अन्य केंद्रीय नेता भी चंडीगढ़ आएंगे।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी मोहम्मद इमरान प्रतापगढ़ी युवा राजनेता होने के साथ उर्दू के मशहूर कवि भी हैं तथा छात्र जीवन से ही युवाओं में खासे लोकप्रिय हैं। उन्हें 2016 में यश भारती पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। किसी भी समारोह में जब वह मंच पर होते हैं तो युवाओं की भीड़ उन्हें सुनने के लिए उत्सुक रहती है। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए कांग्रेस ने चार महीने पहले ही उन्हें अपने अल्पसंख्यक विभाग का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक ने बताया कि कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी 7 नवंबर की दोपहर को चंडीगढ़ पहुंचेंगे और शाम को शहर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेेंगे। इस जनसभा के लिए पार्टी स्तर पर जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। हाफिज अनवार उल हक ने बताया कि इस जनसभा को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष बंसल के अलावा कई अन्य केंद्रीय नेता भी संबोधित करेंगे। हक ने बताया कि चंडीगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के साथ बैठक भी करेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाएंगे। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक ने कहा कि इमरान प्रतापगढ़ी का यह चंडीगढ़ दौरा यहां पार्टी कार्यकर्ताओं में नगर निगम चुनाव के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा।

error: Content can\\\'t be selected!!