11 को खन्ना पहुंचेगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, चंडीगढ़ से एचएस लक्की के नेतृत्व में जाएंगे एक हजार लोग

यात्रा में भागीदारी के लिए इंतजामों को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई पार्टी की बैठक

CHANDIGARH, 8 JANUARY: राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा 11 जनवरी बुधवार को खन्ना (पंजाब) पहुंचने पर चंडीगढ़ से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की अगुवाई में करीब एक हजार लोग यात्रा में शामिल होंगे तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाते हुए हिंसा, नफरत और विघटनकारी प्रवृत्तियों का विरोध करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा में चंडीगढ़ की भागीदारी के इंतजामों को लेकर चर्चा करने के लिए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में आज यहां सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन (चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय) में एक बैठक हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि समाज के सभी वर्गों से कम से कम 1000 लोग इस यात्रा में शामिल होंगे।

बैठक में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, प्रदेश कांग्रेस समितियों के पदाधिकारी, जिला और ब्लॉक कांग्रेस समितियों के अध्यक्ष और पदाधिकारी, पार्टी के फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों के नेता व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए एचएस लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस की एक टीम पहले ही अंबुजा ड्रीम सिटी खन्ना के लिए रवाना हो चुकी है, जहां 3570 किलोमीटर लम्बी कन्याकुमारी से श्रीनगर तक की भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के लिए होर्डिंग्स, बैनर और झंडे प्रदर्शित किए जाएंगे।

पार्टी के प्रवक्ता राजीव शर्मा के अनुसार चण्डीगढ़ से सेवानिवृत्त नौकरशाहों और सेवानिवृत्त रक्षा और पुलिस कर्मियों के अलावा व्यापार और उद्योग, सैक्टर वैलफेयर एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों, वकीलों, गैर सरकारी संगठनों के सदस्यों, खेल जगत की हस्तियों, टीवी और फिल्म कलाकारों और किसानों सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों के यात्रा में भाग लेने की संभावना है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के इस ग्रुप के साथ स्केटर्स का एक समूह और एक सांस्कृतिक मंडली भी होगी, जो भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत में पंजाब का लोकनृत्य पेश करेगी। इस अवसर पर चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा देश के लोगों को आपसी सद्भाव और विविधता में एकता का संदेश देने के लिए सैकड़ों गुब्बारे भी छोड़े जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा की विभाजन और नफरत की नीतियों का मुकाबला करने के लिए देशभर में प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाने के लिए चंडीगढ़ के लोगों में भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने के लिए अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि बहुत से लोग चंडीगढ़ के यात्रियों के समूह में शामिल होने के लिए खुद को पंजीकृत कराने के लिए सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में उमड़ रहे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!