हरियाणा दिवस पर सीएम मनोहर लाल व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने दीं शुभकामनाएं

CHANDIGARH: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अपने गठन के 54 वर्ष की अवधि में हरियाणा ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। लोगों की कड़ी मेहनत एवं लगन से राज्य ने कृषि के साथ-साथ उद्योग व खेल जगत में भी विश्व में एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में हरियाणा प्रगति की नई बुलन्दियों को हासिल करेगा।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष का हरियाणा दिवस कई मायनों में महत्वपूर्ण है। जहां एक ओर विश्व कोविड-19 महामारी से जूझ रहा था तो हरियाणा के मेहनतकश अन्नदाताओं ने रिकार्ड खाद्यान्नों का उत्पादन किया, वहीं दूसरी ओर सरकार ने इस चुनौती को अवसर में बदलते हुए आईटी का उपयोग कर अनेक नई योजनाएं क्रियान्वित की। 

उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपने संदेश में कहा कि आज का हरियाणा किसान व मजदूर की मेहनत, उद्योगपति के उद्यम और व्यापारी की लगन का परिणाम है। आज खेत-खलिहान से लेकर खेल के मैदान तक तथा शिक्षा से लेकर औद्योगिक विकास तक हर क्षेत्र में प्रदेश का डंका बज रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी हरियाणा प्रगति के पथ पर इसी तरह गतिमान रहेगा और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने दी शुभकामनाएं

हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा कई क्षेत्रों में देश में प्रथम स्थान पर है। यह प्रदेशवासियों के कठोर परिश्रम एवं सहयोग से सम्भव हो पाया है। हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ते हुए और बुलंदियों को छुएगा।

आर्य ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें। सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए आस-पास के क्षेत्र में साफ-सफाई रखें और सैनेटाईजर का प्रयोग करें। इससे जल्द ही हरियाणा प्रदेश कोरोना मुक्त होगा।

उन्होंने हरियाणा दिवस के पावन अवसर पर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और प्रगति की कामना करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी के जीवन में नए उत्साह का संचार हो।

हरियाणा साहित्य अकादमी ने हरियाणा दिवस पर नई योजनाओं को क्रियान्वित करने का निर्णय लिया  

हरियाणा साहित्य अकादमी ने हरियाणा दिवस के अवसर पर विभिन्न नई योजनाओं को क्रियान्वित करने का निर्णय लिया है।अकादमी के प्रवक्ता ने बताया कि  अकादमी परिसर में इसी नवम्बर माह में संत कवि सूरदास, मूर्धन्य पत्रकार बाबू बालमुकुन्द गुप्त और लोक कवि एवं सांग सम्राट पंडित लखमीचंद की प्रतिमाएं स्थापित करने का संकल्प लिया है।

उन्होंने बताया कि प्रतिमा-अनावरण के दूसरे चरण में सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, राष्ट्र कवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ और महादेवी वर्मा की प्रतिमाएं चालू वित्त वर्ष में ही लगाने का प्रस्ताव है।

अकादमी ने यह भी निर्णय लिया है कि गत् कई वर्षों से लम्बित सभी कृति-पुरस्कार और साहित्यकार-सम्मान चालू वित्त वर्ष में ही प्रदान किए जाएंगे। इनके अतिरिक्त, अकादमी ने चर्चित कृतियों के ई-संस्करण जारी करने की भी योजना तैयार की है। अकादमी ने हिंदी साहित्य के साथ-साथ हरियाणवी को भी समान रूप से बढ़ावा देने का संकल्प लिया है।

सरदार पटेल की 145वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय 

हरियाणा सरकार ने लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 145वीं जयंती को विधिवत ढंग से ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार 31 अक्तूबर के दिन को पिछले छ: वर्षों से राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाती आ रही है। इस वर्ष 31 अक्तूबर, शनिवार व 1 नवम्बर ‘हरियाणा दिवस’ पर रविवार होने के कारण सार्वजनिक अवकाश है, इसलिए सरकार ने निर्णय लिया है कि 2 नवम्बर को चण्डीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय व नव सिविल सचिवालय में कार्यरत सभी कर्मचारी प्रात: 11 बजे अपनी-अपनी सीटों पर खड़े होकर राष्ट्रीय एकता की शपथ लेंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा इस आशय का एक परिपत्र सभी विभागाध्यक्षों को जारी किया गया है।

उल्लेखनीय है कि सरदार पटेल ने आजादी के बाद 562 रियासतों में बंटे हुए देश को एकता के सूत्र में पिरोने का अतुलनीय कार्य किया था जिसकी मिसाल दुनियाभर में कहीं भी नहीं मिलती।

error: Content can\\\'t be selected!!