हरियाणा की डॉ. गुरप्रीत के साथ विवाह बंधन में बंधे सीएम भगवंत मान, 10 तस्वीरों में देखें शादी की रौनक

Bhagwant Mann marriage CHANDIGARH, 7 JULY: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज हरियाणा की मूल निवासी 29 वर्षीय डॉ. गुरप्रीत कौर Dr. Gurpreet Kaur के साथ विवाह बंधन में बंध गए। 48 वर्षीय भगवंत मान की यह दूसरी शादी है। विवाह की सभी रस्में यहां पंजाब सीएम हाउस में पूरी हुईं। शादी पूरे सिख रीति-रिवाजों से हुई। इस मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खास तौर पर मौजूद रहे। शादी का कार्यक्रम बेहद सादे अंदाज में आयोजित किया जाएगा। इसमें केजरीवाल के अलावा आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, पंजाब सरकार के मंत्री, भगवंत मान व डॉ. गुरप्रीत कौर के परिवार के सिर्फ खास मेहमान तथा परिवारीजनों ने शिरकत की। बताया जाता है कि इस शादी का पूरा इंतजाम सांसद राघव चड्ढा के हाथों में था। 

डॉ. गुरप्रीत कौर शादी के मौके पर लाल जोड़े में सजी थीं तो दूल्हा बने भगवंत मान पीले कुर्ते में खूब जंच रहे थे। चंडीगढ़ के सेक्टर-8 गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी ने विवाह की रस्में पूरी कराईं। भगवंत मान की दुल्हन भी सिख हैं। बताया जा रहा है कि भगवंत मान की मां हरपाल कौर की ख्वाहिश थी कि भगवंत मान अब अपना घर फिर से बसा लें। भगवंत मान के लिए उनकी मां और बहन मनप्रीत कौर ने ही लड़की चुनी। दोनों परिवारों में पहले से ही नजदीकियां थीं। लंबे समय से भगवंत मान और डॉ. गुरप्रीत कौर एक-दूसरे को जानते हैं। डॉ. गुरप्रीत कौर का संबंध एक किसान परिवार से है।

कुरुक्षेत्र का रहने वाला है परिवार, डॉ. गुरप्रीत कौर ने अंबाला से की एमबीबीएस की पढ़ाई
डॉ. गुरप्रीत कौर तीन बहनों में सबसे छोटी हैं। वह हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की रहने वाली हैं। पिहोवा की तिलक कॉलोनी में उनका घर है। डॉ. गुरप्रीत कौर ने 2013 में अंबाला के मुलाना मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। 2017 में एमबीबीएस की पढ़ाई यही से पूरी की। डॉ. गुरप्रीत कौर के पिता इंद्रजीत सिंह किसान हैं। उनके पास गांव गुमथला गढू में करीब 50 एकड़ जमीन है। डॉ. गुरप्रीत कौर की माता राज हरजिंद्र कौर गृहिणी हैं। इंद्रजीत सिंह के पास कनाडा की नागरिकता भी है। गुरप्रीत की बड़ी बहन नीरू की शादी अमेरिका में हुई है। दूसरी बहन जग्गू ऑस्ट्रेलिया में अपने परिवार के साथ रहती हैं।

इंद्रप्रीत कौर से हुई थी भगवंत मान की पहली शादी
भगवंत मान की पहली शादी इंद्रप्रीत कौर के साथ हुई थी। भगवंत मान के बेटे दिलशान मान (17) और बेटी सीरत कौर मान (21) अमेरिका में अपनी मां इंद्रप्रीत कौर के साथ रहते हैं। 20 मार्च 2015 को भगवंत मान और इंद्रप्रीत कौर ने कोर्ट में आपसी सहमति से तलाक की अर्जी लगाई थी। इस अर्जी में मान का तर्क था कि वे राजनीति के चलते अपनी पत्नी से तलाक ले रहे हैं। लोगों ने विश्वास से उन्हें चुना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कोर्ट में दी गई अर्जी में भगवंत मान की पत्नी ने शर्त रखी थी कि अगर मान भारत छोड़कर कैलिफोर्निया शिफ्ट हो जाते हैं तो तलाक की अर्जी वापस ले लेंगी।

दूसरी ओर, मान राजनीति छोड़कर विदेश नहीं जाना चाहते थे। मान का तर्क था कि वे लोगों का विश्वास नहीं तोड़ सकते। अगर उनकी पत्नी उनके साथ भारत में सैटल होना चाहती हैं तो वे तलाक की अर्जी वापस ले लेंगे। भगवंत मान ने अपने तलाक का कारण अपने फेसबुक पेज पर भी शेयर किया था। इमसें उन्होंने लिखा था, ‘जो लटका समय से था वह हल हो गया, कोर्ट विच्च फैसला यह कल हो गया, इक पासे परिवार, दूजे पासे सी पंजाब, मैं तो यारो अपने पंजाब वल्ल हो गया।’

error: Content can\\\'t be selected!!