चंडीगढ़ में नहीं लगेगा लंबा लॉकडाउन, वाकेंड लॉकडाउन व नाइट कर्फ्यू जारी

CHANDIGARH: चंडीगढ़ में पूरे सप्ताह या ज्यादा दिन का लॉकडाउन नहीं लगेगा। चंडीगढ़ प्रशासन ने आज फैसला किया है कि शहर में फिलहाल सिर्फ वीकेंड लॉकडाउन जारी रहेगा। साथ ही नाइट कर्फ्यू भी शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा लेकिन सभी गैर आवश्यक सामानों की दुकानें बंद रहेंगी। सिर्फ जरूरी सामान बेचने वाली दुकानें खुली रहेंगी।

चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में आज हुई कोविड-19 वार रूम की मीटिंग में चंडीगढ़ में पंजाब की तर्ज पर सख्ती करने का फैसला किया गया। इसके तहत सभी सरकारी कार्यालयों में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ काम होगा। प्राइवेट दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम को तरजीह देने के लिए कहा गया है। दूध, ब्रेड, सब्जी, फल, डेयरी प्रोडक्ट्स, अंडे, मोबाइल रिपेयर शॉप खुली रहेंगी। स्कूल, कालेज, कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे।

इसके अलावा शहर में सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक व खेल गतिविधियों संबंधी गैदरिंग पर प्रतिबंध रहेगा। लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने को कहा गया है। शादी समारोह के लिए 50, अंतिम संस्कार के लिए 20 से ज्यादा लोगों के इकट्ठे होने पर प्रतिबंध रहेगा। सुखना लेक, रॉक गार्डन, म्यूजियम, लाइब्रेरी आदि बंद रहेंगे। सभी अस्पताल, नर्सिंग होम, लैब आदि स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं खुली रहेंगी। सरकारी दफ्तरों में विजिटर्स की एंट्री के लिए कोविड नैगेटिव रिपोर्ट या वैक्सीनेशन सर्टीफिकेट अनिवार्य होगा। यह सभी निर्णय फिलहाल 11 मई तक लागू रहेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!