World Heart Day पर चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने किया हेल्थ टॉक का आयोजन

प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एचके बाली ने दिए हृदय को स्वस्थ रखने के टिप्स

CHANDIGARH, 26 SEPTEMBER: विश्व हृदय दिवस (WORLD HEART DAY) के मौके पर चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने अपने सभी सदस्यों के लिए एक हेल्थ टॉक (health talk) का आयोजन किया। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित होटल नोवोटेल (Hotel Novotel) में आयोजित किए गए एक भव्य समारोह के बीच प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एचके बाली ने हृदय (HEART) को स्वस्थ रखने के तरीकों की उपयोगी जानकारी दी।

डॉ. एचके बाली ने कहा कि भारत में जिस तेजी से हृदय रोगी बढ़ रहे हैं, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि हृदय रोगों का सबसे बड़ा कारण जीवन शैली व खान-पान है। यदि जीवन शैली व खान-पान को समय रहते संतुलित नहीं किया गया तो भारत को हृदय रोग का कैपिटल बनने से कोई नहीं रोक सकता। डॉ. बाली ने कहा कि योग तथा व्यायाम न केवल पूरे शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि हृदय रोगों से बचने का सबसे उत्तम माध्यम है। इसलिए हर व्यक्ति को रोजाना अपनी दिनचर्या में कम से कम एक घंटा योग तथा व्यायाम को जरूर शामिल करना चाहिए। साथ ही समय-समय पर अपना स्वास्थ्य परीक्षण भी जरूर करवाते रहना चाहिए। खास तौर से हृदय संबंधी जांच बहुत जरूरी है। इस हेल्थ टॉक में चंडीगढ़ व्यापार मंडल के कई सदस्यों ने भाग लिया। डॉ. एचके बाली ने कई सदस्यों के सवालों के भी जवाब देकर स्वास्थ्य संबंधी टिप्स दिए।

इस मौके पर हार्ट फाउंडेशन ने चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन सतपाल गुप्ता, अध्यक्ष चरनजीव सिंह और संरक्षक दिवाकर साहूजा को सम्मानित किया। समारोह में बैंड रुद्राक्ष ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर लकी ड्रॉ भी आयोजित किया गया, जिसमें चंडीगढ़ व्यापार मंडल के वरिष्ठ सदस्य पुरुषोत्तम महाजन, लकी साहनी, शाइनी तनेजा, हरीश बंसल और कृपाल डोगरा विजेता रहे। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरनजीव सिंह और संरक्षक साहूजा, सुभाष नारंग, गुरचरण बत्रा और व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष अनिल वोहरा ने भी समारोह में अपने विचार व्यक्त किए। अंत में चंडीगढ़ व्यापार मंडल के संरक्षक साहूजा ने सभी सदस्यों का धन्यवाद व्यक्त किया।

error: Content can\\\'t be selected!!