चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस का चुनाव परिणाम घोषित, अध्यक्ष पद के लिए अब इंटरव्यू पर सबकी नजर, जानिए कौन-कौन है रेस में

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के नए पदाधिकारियों के चुनाव के लिए हुए मतदान के परिणाम की घोषणा रविवार को कर दी गई है, जिसके तहत नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए टॉप-3 नामों का पैनल हाईकमान की ओर से शार्ट लिस्ट किया गया है। इन पैनल शामिल युवा नेताओं का अगले सप्ताह पार्टी हाईकमान द्वारा इंटरव्यू लिया जाएगा और इसे पास करने वाले को चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा।

21 हजार 790 युवाओं ने किया मतदान

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता हरमेल केसरी ने बताया कि मतदान के बाद जिन तीन युवा नेताओं के नाम शार्ट लिस्ट हुए हैं, उनमें मनोज लुभाना, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष लव कुमार और परीक्षित राणा शामिल हैं। मनोज लुभाना को 7380, लव कुमार को 7047 और परीक्षित राणा को 5818 मत मिले हैं। यह तीनों ही अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे। कोरोनाकाल के चलते इस बार मतदान ऑनलाइन हुआ है। इंटरव्यू के बाद एक को अध्यक्ष और बाकी बचे दोनों उम्मीदवारों को उपाध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। इस चुनाव के लिए कुल 21 हजार 790 युवाओं ने मतदान किया है।

अन्य पदों का चुनाव परिणाम

अन्य पदों के लिए घोषित किए गए चुनाव परिणाम के अनुसार संदीप कुमार सेंडी और प्रीति उपाध्यक्ष बन गए हैं, जबकि 12 महासचिव बने हैं। इनमें कंवलप्रीत को 291, गौरव वशिष्ठ को 173, करणबीर सिंह कन्नू को 150, सुखदेव भोरिया को 121, विनायक बांगिया को 77, नवदीप को 69, सुखदेव सिंह को 66, हरदीप सिंह को 29, अजय कुमार को 29, बकील खान को 25, सिमरनजीत सिंह को 24 और प्रदीप कुमार को 21 मत मिले।

चार जिला अध्यक्ष भी चुने गए
चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के लिए चार जिला अध्यक्षों की भी घोषणा हो गई है, जबकि जिला नंबर-3 के अध्यक्ष का चुनाव होल्ड कर लिया गया है। जिला नंबर-1 के अध्यक्ष रवि पराशर, जिला नंबर-2 के अध्यक्ष धीरज गुप्ता, जिला नंबर-4 के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रवि और जिला नंबर-5 के अध्यक्ष प्रताप राणा बने हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!