बंसल के घर बधाइयों का तांताः पार्टी में बड़ा दायित्व मिलने से चंडीगढ़ में खुशी की लहर

CHANDIGARH: राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस संगठन में किए गए महत्वपूर्ण फेरबदल के दौरान चंडीगढ़ के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को अहम जिम्मेदारी दिए जाने से शहर के तमाम कांग्रेस नेताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को देर शाम से ही पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल को बधाइयां एवं शुभकामनाएं देने का सिलसिला चल पड़ा, जो आज भी जारी है। सुबह से ही सेक्टर-28 स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को उनके आवास पर बधाई देते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा . अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता।

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने पार्टी संगठन की सर्वोच्च कमेटी मानी जाने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) में शुक्रवार देर शाम को अहम बदलाव किए हैं। इसमें जहां पंजाब व हरियाणा को उचित स्थान दिया गया है, वहीं चंडीगढ़ को भी विशेष महत्व मिला है। पार्टी हाईकमान से चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस को यह सम्मान दिलाने का श्रेय पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को जाता है। श्रीमती सोनिया गांधी ने पवन कुमार बंसल को सीडब्ल्यूसी में स्थाई आमंत्रित सदस्य मनोनीत करने के साथ उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री (प्रशासन) के रूप में पार्टी के प्रशासनिक मामलों का प्रभारी भी बनाया है। इसी के साथ पू्र्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के व्यक्तिगत खाते में भी एक नई बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को पार्टी में यह नया बड़ा स्थान दिए जाने की खबर जैसे ही मीडिया में आई, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में खुशी की लहर दौड़ गई। तमाम कांग्रेस नेताओं ने बंसल को बधाई देने का सिलसिला शुरू कर दिया। स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफार्म पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को बधाई व शुभकामना संदेशों से पट गए। इसके बाद आज सुबह से ही सेक्टर-28 स्थित पवन कुमार बंसल के आवास पर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल को बधाई देते लोग।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के अलावा पूर्व मेयर सुभाष चावला, डीडी जिंदल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशिशंकर तिवारी, नगर निगम में विपक्ष के नेता देविंदर सिंह बबला, पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास, महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे, एचएस लक्की, गुरप्रीत सिंह गाबी, कांग्रेस ट्रेडर्स सैल के चेयरमैन राकेश गर्ग, यादविंदर मेहता, अजय जोशी समेत तमाम कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं के अलावा शहर के गणमान्य लोगों की भीड़ भी बंसल को बधाई देने के लिए उनके आवास पर दिखी।

ये भी पढ़ेंः चण्डीगढ़ युवा कांग्रेस द्वारा रोजगार दो अभियान का आगाज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content can\\\'t be selected!!