चंडीगढ़ नगर निगम चुनावः भाजपा ने जारी की अंतिम छह प्रत्याशियों की सूची, वार्ड-22 में असंतोष, दीपक शर्मा ने पार्टी का पद छोड़ा

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए प्रत्याशियों की तीसरी व अंतिम सूची आज रात को जारी कर दी। भाजपा चंडीगढ़ प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद ने सूची जारी करते हुए बताया कि भाजपा ने इस चुनाव के लिए सभी 35 सीटों पर प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। अरूण सूद ने बताया कि पार्टी द्वारा प्रत्याशियों के चयन के मामले में जनाधार, जनहित के लिए काम करने की इच्छा शक्ति, आयु वर्ग, शैक्षणिक योग्यता आदि को ध्यान में रखा गया है। आज पार्टी के तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया, जबकि शनिवार को नामांकन के अंतिम दिन पार्टी के बाकी सभी प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किया जाएगा।

इधर, भाजपा टिकटों की अंतिम सूची जारी होने के साथ ही पार्टी में टिकट वितरण को लेकर असंतोष और ज्यादा भड़क गया है। वार्ड-35 तथा गांव दड़वा में भाजपा के खिलाफ बगावत के बाद अब वार्ड नंबर-22 में भी नाराजगी के सुर उठ खड़े हुए हैं। यहां हीरा नेगी को उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज भाजपा के मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने अपने पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए दीपक शर्मा ने कहा है कि वह भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ में प्रदान किए गए पद भाजपा मंडल अध्यक्ष से त्यागपत्र दे रहे हैं। उनका कहना है कि वार्ड नंबर 22 से हीरा नेगी ने दिल्ली जाकर अपने लिए टिकट हासिल किया। लगातार पार्टी में 11 साल तक सेवा करने के पश्चात और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद द्वारा टिकट दिए जाने के लिए आश्वस्त देने के पश्चात भी टिकट न दिए जाने से वह हताश और निराश महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यद्यपि वह केवल अपने मंडल अध्यक्ष के पद से त्यागपत्र दे रहे हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता बने रहेंगे और लोक सेवा व समाज सेवा के प्रति अपने आप को पहले की तरह समर्पित रखेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!