चंडीगढ़ नगर निगम चुनावः कांग्रेस में उम्मीदवारों के चयन पर विवाद के बीच प्रभारी ने बनाई इलेक्शन कमेटी, यही करेगी प्रत्याशी तय

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस में उम्मीदवारों के चयन को लेकर विवाद की खबरों के बीच पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी हरीश चौधरी ने आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की इलेक्शन कमेटी का गठन कर दिया। अब यह कमेटी ही निगम चुनाव के लिए उम्मीदवार तय करेगी।

इस इलेक्शन कमेटी में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीडी जिंदल, पवन शर्मा, जीत सिंह बहलाना, लव कुमार के अलावा चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज लुबाना, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे, एनएसयूआई अध्यक्ष रीतिंदर सिंह रॉबी, प्रदेश कांग्रेस सेवादल के मुखिया डॉ. ओपी वर्मा को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में इस कमेटी में शामिल किया गया है।

बता दें कि निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला व पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के बीच विवाद होने की खबरें आ रही थीं। कहा जा रहा था कि जिन उम्मीदवारों के नामों पर बंसल स्वीकृति की मुहर लगाना चाहते हैं, उनमें कुछ पर चावला सहमत नहीं हैं तो चावला जिन लोगों को उम्मीदवार चाहते हैं, उनमें से कुछ को लेकर बंसल तैयार नहीं हैं। बताया जाता है कि इसी विवाद को हल करने तथा उम्मीदवारों के नामों पर पार्टी में सर्वसम्मति बनाने के इरादे से ही अब पार्टी प्रभारी हरीश चौधरी ने इस इलेक्शन कमेटी का गठन करते हुए इसमें सभी संबंधित प्रमुख नेताओं को शामिल किया है। हालांकि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने प्रत्याशियों के चयन को लेकर विवाद की स्थिति से साफ इंकार किया है। उन्होंने इस मामले में पवन कुमार बंसल से भी विवाद होने की खबरों को महज अफवाह बताया है। चावला का कहना है कि इलेक्शन कमेटी का गठन पार्टी का रुटीन प्रॉसेस है। यह कमेटी सभी 35 सीटों के लिए जल्द ही मजबूत व जिताऊ उम्मीदवारों का चयन कर नामों की घोषणा करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!