चंडीगढ़ मेयर चुनावः आज शाम तक साफ हो जाएगी मुकाबले की तस्वीर, कांग्रेस ने फंसा रखा है BJP व AAP का पेंच

शाम को 5 बजे तक करना है उम्मीदवारों को नामांकन

Chandigarh Mayor Election CHANDIGARH, 12 JANUARY: 17 जनवरी को होने वाले चंडीगढ़ के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए शहर में राजनीतिक सरगर्मियां आज सुबह से तेज हो गई हैं। भाजपा, आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस में उम्मीदवारी पर मंथन अंतिम चरण में पहुंच गया है। शाम तक इस चुनाव में मुकाबले की तस्वीर साफ हो जाएगी, क्योंकि चुनाव के लिए उम्मीदवारों को आज ही अपना नामांकन पत्र दाखिल करना है। आज नामांकन की अंतिम तिथि है। सबसे अहम सियासी पेंच कांग्रेस ने फंसा रखा है। भाजपा (BJP) व आम आदमी पार्टी (AAP) की नजर कांग्रेस के फैसले पर टिकी हुई है।

बता दें कि चंडीगढ़ में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव एक साल के लिए होता है, जबकि पार्षद पूरे पांच साल के लिए निगम के आम चुनाव के जरिए चंडीगढ़ के वोटरों के जरिए चुने जाते हैं। मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव में निर्वाचित पार्षद ही वोटिंग करते हैं। एक वोट चंडीगढ़ के सांसद का भी है। पिछले 6 साल से चंडीगढ़ नगर निगम की सत्ता पर काबिज भाजपा के लिए मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव इस बार भी प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।

ये हुआ था पिछले साल

दिसम्बर-2021 में पांच साल के लिए कुल 35 सीटों पर चंडीगढ़ नगर निगम का आम चुनाव हुआ था। निगम चुनाव में पहली बार उतरी आम आदमी पार्टी के सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवार पार्षद चुने गए थे, जबकि भाजपा को 12, कांग्रेस को 8 व शिरोमणि अकाली दल को एक सीट मिली थी। इसके बाद 8 जनवरी-2022 को मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव हुआ, जिसमें भाजपा ने अपने सांसद के वोट तथा जोड़तोड़ के पैंतरे से मेयर समेत तीनों सीटें जीत ली थीं। कांग्रेस ने तब इस चुनाव से खुद को अलग रखा था। लिहाजा, सबसे बड़ी पार्टी के रूप में चुनकर आने के बावजूद आम आदमी पार्टी को निगम सदन के भीतर मुख्य विपक्षी दल के रूप में बैठना पड़ा।

इस बार भाजपा के वर्चस्व को चुनौती देने के मूड में है आम आदमी पार्टी

इस बार आम आदमी पार्टी निगम सदन के भीतर भी भाजपा के वर्चस्व को चुनौती देने के मूड में है। वह मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर की सीटें भाजपा से छीनने के लिए पूरी रणनीति बना चुकी है लेकिन इसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए आम आदमी पार्टी को कांग्रेस के फैसले का इंतजार है, क्योंकि अभी तक यह तय नहीं है कि कांग्रेस पिछले साल की तरह ही मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव से खुद को अलग रखेगी या इसमें हिस्सा लेगी। कांग्रेस इस मुद्दे पर अबकी बार दो राय में बंटी हुई है। फैसला पार्टी हाईकमान को करना है। कांग्रेस के चंडीगढ़ प्रभारी हरीश चौधरी कल पंजाब पहुंची राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने के बाद चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की मौजूदगी में अंतिम निर्णय के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता कुछ देर पहले बैठ गए हैं। उम्मीद है कि दोपहर तक कांग्रेस अपने निर्णय की घोषणा कर देगी, जबकि भाजपा नेताओं की बैठक दोपहर करीब एक बजे से शुरू होगी। भाजपा को भी कांग्रेस के फैसले का इंतजार है, क्योंकि कांग्रेस की रणनीति को देखकर ही भाजपा अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित करेगी। इसी बैठक के बाद भाजपा उम्मीदवार सीधे नामांकन के लिए जाएंगे। माना जा रहा है कि कांग्रेस व भाजपा की चुनावी रणनीति स्पष्ट होने के बाद ही आम आदमी पार्टी अपने सियासी पत्ते खोलेगी। नामांकन शाम पांच बजे तक होगा।

error: Content can\\\'t be selected!!