चंडीगढ़ मेयर चुनावः कांग्रेस पार्षद पहुंचे अब शिमला, एचएस लक्की के नेतृत्व में सीएम सुक्खू से की मुलाकात

चंडीगढ़ में नागरिक अभिनंदन के लिए आमंत्रित किया, मुख्यमंत्री ने जल्द आने का किया वायदा

Chandigarh Mayor Election CHANDIGARH, 15 JANUARY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने आज हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से चंडीगढ़ के छह कांग्रेसी पार्षदों गुरबख्श रावत, गुरप्रीत सिंह गाबी, जसबीर सिंह बंटी, दर्शना रानी, ​​निर्मला देवी और सचिन गालव सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को लेकर मुलाकात की। लक्की ने मुख्यमंत्री सुक्खू से चंडीगढ़ की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की और उन्हें चंडीगढ़ से संबंधित मुद्दों से अवगत कराया।

बता दें कि 17 जनवरी को होने वाले चंडीगढ़ के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर इन दिनों चंडीगढ़ के राजनीतिक गलियारों का माहौल गर्म है। इस चुनाव में निर्वाचित पार्षद वोटिंग करेंगे लेकिन चंडीगढ़ नगर निगम में वोटों का गणित इतना गड़बड़ाया हुआ है कि किसी भी राजनीतिक दल के पास बहुमत लायक वोट नहीं हैं। भाजपा के पास 14 तो आम आदमी पार्टी के पास भी 14 वोट हैं लेकिन सांसद का वोट मिलाकर भाजपा के पास जरूर 15 वोट हो जाते हैं लेकिन भाजपा पार्षदों में भी मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के लिए इस बार किए गए प्रत्याशी चयन को लेकर असंतोष देखा जा रहा है। तीसरी तरफ कांग्रेस पास 6 वोट हैं लेकिन कांग्रेस ने इस चुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। अलबत्ता, चुनाव में कांग्रेस के पार्षद वोटिंग करेंगे या नहीं, इसको लेकर अभी तक कोई फैसला न करके कांग्रेस ने सस्पेंस बना रखा है। इस स्थिति में भाजपा, आम आदमी पार्टी व कांग्रेस तीनों में अपने पार्षदों की खरीद-फरोख्त का डर बना हुआ है। इसलिए तीनों पार्टियां अपने पार्षदों को विरोधियों के किसी भी प्रलोभन से बचाने के लिए चंडीगढ़ से बाहर ले गई हैं। आम आदमी पार्टी ने जहां अपने पार्षदों को पंजाब में अज्ञात स्थान पर रखा हुआ है, वहीं भाजपा के पार्षद हरियाणा में हैं, जबकि कांग्रेस के पार्षद तीन दिन से हिमाचल में डेरा डाले हुए हैं। पहले दिन वे कसौली में थे, दूसरे दिन कुफरी तथा आज शिमला पहुंचे।

इसी बीच, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में आज कांग्रेस पार्षदों ने हिमाचल के मुख्यमंत्री से मुलाकात की। लक्की ने हिमाचल कैबिनेट द्वारा पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने के फैसले के लिए सी.एम, सुक्खू को बधाई देते हुए उनको चंडीगढ़ में नागरिक अभिनंदन के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने इस निमंत्रण को स्वीकार किया और जल्द चंडीगढ़ आने का वायदा किया। कांग्रेस नेताओं ने चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश के लोगों की खासी उपस्थिति के बारे में भी मुख्यमंत्री सुक्खू को अवगत कराया। मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ रहे। उन्होंने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया, क्योंकि दोनों एन.एस.यू.आई. और यूथ कांग्रेस के अपने-अपने राज्यों के अध्यक्ष थे। सुक्खू ने चंडीगढ़ के कांग्रेस नेताओं का पूरा आतिथ्य सत्कार किया और अपने कर्मचारियों से चंडीगढ़ के नेताओं का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। चंडीगढ़ के कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री को उनके शिष्टाचार और आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया और उनके राजनीतिक जीवन में मुख्यमंत्री के संघर्ष की सराहना की। सभी नेताओं ने कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की एक ऐसे व्यक्ति को हिमाचल का मुख्यमंत्री नियुक्त करने की भी प्रशंसा की, जो बहुत ही विनम्र पृष्ठभूमि से हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!