अरुण सूद की माता जी को श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ा चंडीगढ़ः मोदी, शाह, नड्डा समेत अनेक नेताओं ने भी भेजे शोक संदेश

सेक्टर-36 स्थित इस्कॉन मंदिर में आयोजित की गई श्रीमती रमन सूद की श्रद्धांजलि सभा

CHANDIGARH, 5 AUGUST: भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद की माता जी श्रीमती रमन सूद की याद में आज एक श्रद्धांजलि सभा सेक्टर-36 स्थित इस्कॉन मंदिर में आयोजित की गई। इसमें श्रीमती रमन सूद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए चंडीगढ़ उमड़ पड़ा। इस मौके पर चंडीगढ़ के अलावा पंजाब, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश के भी तमाम नेता, समाज के सभी वर्गों के गणमान्य व्यक्ति, चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के तमाम शुभचिंतक व समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। श्रीमती रमन सूद को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, अकाली दल व बसपा के नेता व कार्यकर्ता भी शामिल थे।

स्व. श्रीमती रमन सूद।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती रमन सूद का गत 25 जुलाई को निधन हो गया था। आज आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित अनेक केंद्रीय मंत्रियों, राज्यों के मुख्यमंत्रियों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, अन्य गणमान्य विभूतियों तथा विभिन्न संस्थाओं ने भी अपने शोक संदेश भेजकर श्रीमती रमन सूद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर चंडीगढ़ की मेयर सरबजीत कौर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक जसवीर जी, रामगोपाल जी, संघ अधिकारी त्रिलोकी नाथ गोयल , चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की, पूर्व अध्यक्ष सुभाष चावला, आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा, संयोजक प्रेम गर्ग, शहर के प्रमुख ट्रेड यूनियन नेता कुलबीर सिंह सहित अनेक राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशंस, मार्केट एसोसिएशंस, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के अलावा हजारों की संख्या में शहरवासी मौजूद थे।

श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद।

इस दौरान दिव्य ज्योति जागृति संस्थान नूरमहल, श्री इस्कॉन मंदिर सेक्टर-36 के महंतगण तथा वृंदावन से डॉ. रामिक जी महाराज ने भजन- कीर्तन व कथा वाचन द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पूर्व अरुण सूद की माताजी के निधन पर अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उनके घर जाकर उनको सांत्वना दी। कइयों ने फोन पर शोक व्यक्त किया, जिनमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, विनोद तावड़े , कैलाश विजयवर्गीय, तरुण चुघ, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज, सांसद मनीष तिवारी, पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल आदि शामिल हैं। चंडीगढ़ के प्रशासक व पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित, सांसद किरण खेर, प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल, चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक प्रवीर रंजन, एसएसपी कुलदीप चहल, नगर निगम कमिश्नर अनंदित मित्रा, डीसी विनय सिंह सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अरुण सूद के घर जाकर शोक व्यक्त किया।

error: Content can\\\'t be selected!!