गांव दरिया में निकली चंडीगढ़ कांग्रेस की तीसरी तिरंगा पदयात्रा, लक्की की अगुवाई में जुटे सैकड़ों कांग्रेसी

देश के विभाजन के लिए RSS जिम्मेदार, अब शर्म छिपाने के लिए झूठ का सहारा लेकर लोगों को गुमराह कर रही BJP: पवन बंसल

CHANDIGARH, 11 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने अपनी 75 किलोमीटर लंबी आजादी की गौरव यात्रा की तीसरी कड़ी की तिरंगा पदयात्रा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की अगुवाई में आज गांव दरिया में आयोजित की। भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए शुरू की गई और जोश से भरे हुए सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं द्वारा संचालित आज की पदयात्रा चंडीगढ़ नगर निगम के वार्ड-9 से होकर गुजरी।

इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज को लहराते हुए गांव दरिया की गलियों में वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष जीत सिंह बहलाना और पार्टी के कॉलोनी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुकेश राय द्वारा आयोजित इस पदयात्रा में स्थानीय निवासियों ने भी बड़ी संख्या में उत्साह से भाग लिया।

इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि 1925 में अपनी स्थापना के बाद से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लगातार देश के सामाजिक और राजनीतिक ताने-बाने को विभाजित करने के कुत्सित एवं देशविरोधी प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि आरएसएस, मुस्लिम लीग और हिंदू महासभा ने न केवल भारत के स्वतंत्रता आंदोलन का विरोध किया और अंग्रेजों का पक्ष लिया, बल्कि इससे भी बढ़कर एक ऐसा सांप्रदायिक माहौल पैदा कर दिया, जिसके कारण बाद में दो राष्ट्र सिद्धांत के आधार पर एक नए देश पाकिस्तान का निर्माण हुआ। बंसल ने कहा कि आरएसएस ने तिरंगे को हमारे राष्ट्रीय ध्वज के रूप में रखने के विचार का भी कड़ा विरोध किया और 2002 तक कभी भी तिरंगे का सम्मान नहीं किया। न ही नागपुर में अपने मुख्यालय में इसे फहराया। बंसल ने कहा कि संघ और भाजपा देश के स्वतंत्रता संग्राम का विरोध करने के लिए अपनी कभी न मिटने वाली शर्म को छिपाने के लिए अब भी झूठ और छल का सहारा लेकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कांग्रेसजनों से देश को बांटने के आरएसएस और भाजपा के नापाक मंसूबों को हराने का आह्वान किया और उनसे हमारे लोकतंत्र, इसकी विविधता में एकता और बहुलवाद को बचाने के लिए एक लंबे शांतिपूर्ण संघर्ष के लिए खुद को तैयार करने का आग्रह किया। इस अवसर पर बोलने वाले अन्य लोगों में जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष जीत सिंह बहलाना, चंडीगढ़ कांग्रेस के कॉलोनी सेल के अध्यक्ष मुकेश राय, भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव आशीष गजनवी के अलावा स्थानीय नेता हरिंदर कुमार, डोरोथी रिंगा शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!