चंडीगढ़ कांग्रेस राहुल गांधी की सांसदी रद्द करने के खिलाफ कल धरना देगी, लक्की ने BJP दफ्तर के घेराव की चेतावनी भी दी

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हरीश चौधरी ने चंडीगढ़ के कांग्रेसजनों के साथ की बैठक

CHANDIGARH, 25 MARCH: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं चंडीगढ़ प्रदेश संगठन के प्रभारी हरीश चौधरी की अगुवाई में आज यहां चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की एक बैठक कांग्रेस भवन सैक्टर-35 में आयोजित की गई, जिसमें मोदी सरकार पर तानाशाही और लोकतंत्र विरोधी नीतियों व कृत्यों को अपनाने का आरोप लगाते हुए शांतिपूर्ण विरोध की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने की।

इस अवसर पर हरीश चौधरी ने मोदी सरकार पर आम आदमी और छोटे व मध्यम कारोबारियों की कीमत पर अडानी समूह की कंपनियों को अप्रत्याशित मुनाफा कमाने में मदद करने और देश के बड़े व्यापार उन्हें सस्ते में सौपने का आरोप लगाया। चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार राहुल गांधी को केवल इसलिए निशाना बना रही है, क्योंकि वह मोदी सरकार से कठिन सवाल पूछ रहे हैं और उसके कुकृत्यों तथा भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान कर्नाटक में बोले गए राहुल गांधी के 6 शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और उन्हें मानहानि के मामले में फंसाने के लिए सबूतों से छेड़छाड़ की गई। चौधरी ने घोषणा की कि कल चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस सैक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन के समक्ष एक दिन का शांतिपूर्ण धरना देगी, जो कि राजघाट दिल्ली में अखिल भारतीय स्तर पर कांग्रेस के विशाल धरने के समानांतर चलेगा।

इस बीच, कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने दिल्ली से भेजे संदेश में कहा कि भाजपा के कुछ मंत्रियों द्वारा राहुल गांधी पर अन्य पिछड़ी जातियों का अपमान करने का आरोप लगाना हास्यास्पद है। यह दावा करते हुए कि ललित मोदी और नीरव मोदी दोनों ओबीसी नहीं हैं, बंसल ने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार जातिगत जनगणना से इनकार कर रही है और क्रीमी लेयर के माध्यम से शैक्षिक संस्थानों में ओबीसी बच्चों के प्रवेश और रोजगार के लिए उनके आरक्षण को कम रही है।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि मोदी राज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद में बोलने की अनुमति नहीं है। जब उन्होंने मोदी और अडानी के बीच की नापाक सांठगांठ का पर्दाफाश किया तो उनकी सारी टिप्पणियां लोकसभा के रिकार्ड से हटा दी गईं। लोकसभा के पटल पर उनके खिलाफ लगाए गए केंद्रीय मत्रियों के झूठे आरोपों का जवाब देने के लिए लोकसभा के अध्यक्ष से उनके व्यक्तिगत अनुरोध के बावजूद उन्हें संसद में बोलने की अनुमति नहीं दी गई। लक्की ने पार्टी आलाकमान को भरोसा दिलाया कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस फासीवादी और जनविरोधी मोदी सरकार का पूरी ताकत से मुकाबला करेगी और अगर भाजपा ने देश के संविधान पर बार-बार हमला करना और उसका अपमान करना बंद नहीं किया तो इस महीने के अंत में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए उसके दफ्तर तक मार्च निकालेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!