चंडीगढ़ कांग्रेस ने संविधान दिवस पर डा. अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि

कांग्रेसजनों ने बहुलतावादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक भारत बनाए रखने के लिए संघर्ष जारी रखने की शपथ ली

CHANDIGARH, 26 NOVEMBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज सैक्टर- 35 स्थित कांग्रेस भवन में संविधान दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें तमाम कांग्रेसजनों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़कर और इस प्रस्तावना में लिखे हुए मसौदे के अनुरुप एक बहुलतावादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक भारत बनाए रखने के लिए हमेशा संघर्ष जारी रखने की शपथ ली। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कार्यकताओं को शपथ दिलाई, जिसके बाद संविधान की मसौदा समिति के अध्यक्ष डा. भीम राव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर विभिन्न ‘अदालती फैसलों में संविधान के कुछे प्रावधानों की लगातार बदलती व्याख्याओं में परिलक्षित संविधान के विकास’ विषय पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें प्रसिद्ध कानूनविद, शिक्षक और डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के पूर्व कुलपति डा. डीएन जौहर ने इस विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दो साल तक संविधान सभा की लगातार दिन-रात मेहनत के बाद ही भारत के संविधान के विशाल दस्तावेज को तैयार किया जा सका। उन्होंने कहा कि संविधान का एक-एक अक्षर और उसके पीछे की भावना भारत के असली लोकाचार का प्रतिनिधित्व करती है। भारत के संविधान में निहित मूल्यों को गहराई से समझने के लिए उन्होंने जनता से संविधान सभा की बहसों को पढ़ने का आग्रह किया। डॉ. जौहर ने संविधान को मानवतावादी दिशा देने और इसे एक लचीला दस्तावेज बनाने में पंडित जवाहर लाल नेहरू की भूमिका की विशेष रूप से सराहना की।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने भारत के लोगों को दुनिया का सबसे सुंदर संविधान देने के लिए संविधान सभा को धन्यवाद दिया और कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान में निहित मूल्यों को बनाए रखने के लिए लड़ती रहेगी। चर्चा में भाग लेने वाले अन्य लोगों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन शर्मा, हरफूल कल्याण, सुरिंदर सिंह, कमलेश बनारसीदास, भूपिंदर सिंह बढ़हेड़ी, दीपा दूबे, बलराज सिंह, बीरेंद्र सिंह रावत, एसए खान, राजीव मौदगिल, रवि ठाकुर, परवीन नारंग, विनोद शर्मा, अच्छे लाल गौर, रमेश आहूजा, लेखराज, मीनाक्षी चौधरी, भजन कौर और ओम लता आदि शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!