हिमाचल का सह प्रभारी बनाए जाने पर चंडीगढ़ भाजपा ने संजय टंडन का सम्मान किया

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य संजय टंडन को हिमाचल प्रदेश भाजपा का सह प्रभारी बनाए जाने पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा द्वारा रविवार को पार्टी कार्यालय कमलम में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस सम्मान समारोह में पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, उपाध्यक्ष आशा जसवाल और प्रेम कौशिक, महासचिव चंद्र शेखर और रामबीर, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारीगण, पांचों जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी, अलग-अलग मंडलों के अध्यक्ष और पदाधिकारी, मोर्चा और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व संयोजकों के अलावा पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

भाजपा कार्यालय में संजय टंडन का सम्मान करते हुए पार्टी कार्यकर्ता।

संजय टंडन ने भाजपा की चंडीगढ़ प्रदेश इकाई को बुलंदियों तक पहुंचायाः अरुण सूद

कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने नवनियुक्त सह प्रभारी संजय टंडन को पुष्प गुच्छ प्रदान कर उनका स्वागत किया और पदाधिकारियों ने सिरोपा व फूल माला डालकर उनका अभिनन्दन किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने  संजय टंडन के राजनीतिक सफर का वर्णन करते हुए कहा कि टंडन परिवार ने अपना सर्वस्व जीवन संगठन के प्रति समर्पित किया हुआ है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य से लेकर इन्होंने प्रदेश महासचिव और उसके उपरान्त चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष की लम्बी पारी में भारतीय जनता पार्टी की चंडीगढ़ प्रदेश इकाई को बुलंदियों तक पहुंचाया। अरुण सूद ने कहा कि संजय टंडन के मार्गदर्शन में पार्टी ने सभी स्थानीय निकायों, फिर चाहे नगर निगम की बात हो या फिर जिला परिषद या मार्किट कमेटी के चुनाव या फिर सांसद के चुनाव, इनकी अगुवाई में भाजपा का परचम हर तरफ फैला और सभी चुनावों में भाजपा की भारी जीत हुई।

भाजपा कार्यालय में संजय टंडन का स्वागत करते हुए पार्टी कार्यकर्ता।

हिमाचल भाजपा के सह प्रभारी के रूप में संजय टंडन की नियुक्ति गर्व की बातः सूद

उन्होंने कहा कि टंडन के कुशल नेतृत्व में पार्टी ने अन्य प्रदेशों में भी बुलंदी को छुआ और कई विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित की। सूद ने कहा कि आज हम सभी के लिए बड़े गर्व की बात है कि छोटे से प्रदेश से निकल कर संजय टंडन को हिमाचल प्रदेश भाजपा का सह संगठन प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस से ये तो साफ साबित होता है कि हमारा केंद्रीय नेतृत्व सभी कार्यकर्ताओं की तमाम उपलब्धियों और गतिविधियों पर नजर रखता है। संजय टंडन की नियुक्ति पर हम सभी प्रदेश के कार्यकर्ता केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हमारे प्रदेश के कार्यकर्ता को प्रदान की।

सम्मान समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय टंडन।

भाजपा के सभी कार्यकर्ता मेरे परिवार के सदस्य की भांतिः संजय टंडन

इस अवसर पर भावुक हुए हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त सह प्रभारी संजय टंडन ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि चंडीगढ़ भाजपा के सभी कार्यकर्ता उन्हें अपने परिवार के सदस्य की भांति ही प्रतीत होते हैं। उनके साथ जितने भी वर्ष कार्य करने का सुअवसर प्राप्त हुआ वो अविस्मरणीय है। पार्टी के नेतृत्व ने जो भी उन्हें जिम्मेदारी प्रदान की, उन्होंने उसको पूरा करने में कोई कोर कसर नहीं रखी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनके साथ कंधे के साथ कन्धा मिला कर दिन-रात चले और आज उसका ये परिणाम है कि चंडीगढ़ में भाजपा के कार्यकर्ताओं का मनोबल बुलंदी पर है और चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सभी महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज हुई है। टंडन ने कहा कि चंडीगढ़ भाजपा ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

ये कार्यकर्ताओं का ही पुरुषार्थ है कि आज मैं इस मुकाम पर पहुंच पायाः टंडन

उन्होंने अपने अनुभवों को सभी के बीच सांझा करते हुए कहा कि ये तभी संभव हो सका जब सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी के ध्वज के तले विचारधारा को जनता के बीच ले जाने में कामयाब हुए। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में हर दिन उनको कुछ न कुछ अनुभव प्राप्त हुआ जो कि उनके जीवन में कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने इस मौके पर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये इन लोगों का ही पुरुषार्थ है कि आज मैं इस मुकाम पर पहुंच पाया हूं। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए केंद्रीय नेतृत्व के सभी पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और सभी मंत्रीगणों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस नए दायित्व को भी वे पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। 

ये भी पढ़ें- दीवाली तोहफाः पंचकूला, हिसार, गुरूग्राम व फरीदाबाद में अपने घर का सपना पूरा करने का है मौका

error: Content can\\\'t be selected!!