वीकेंड लॉकडाउन पर चंडीगढ़ प्रशासन पंचकूला-मोहाली के फैसले के साथः अब कल से पूरे ट्राइसिटी में शनिवार-रविवार को LOCKDOWN

CHANDIGARH: चंडीगढ़ में वीकेंड लॉकडाउन को लेकर चल रही ऊहापोह पर चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने देर शाम विराम लगा दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया है कि चंडीगढ़ में भी अब पंचकूला व मोहाली की तर्ज पर वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। यानी शनिवार व रविवार को अब चंडीगढ़ में भी लॉकडाउन होगा।

बता दें कि मोहाली में वीकेंड लॉकडाउन पहले ही लागू है, जबकि पंचकूला में आज ही कल से वीकेंड लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। चंडीगढ़ ट्राइसिटी के इन दोनों शहरों में नाइट कर्फ्यू शाम 6 बजे से पहले ही लागू चल रहा है। इसको देखते हुए प्रशासन ने वीरवार को चंडीगढ़ में भी नाइट कर्फ्यू शाम 6 बजे से लागू कर दिया था। अब पंचकूला में वीकेंड लॉकडाउन लग जाने के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने भी इस मामले में पंचकूला व मोहाली के फैसले के साथ चलने का निर्णय लिया है।

चंडीगढ़ प्रशासन पिछले हफ्ते ही कह चुका था कि चंडीगढ़ में लॉकडाउन जैसा फैसला पंचकूला व मोहाली के बिना नहीं किया जा सकता है। चंडीगढ़ में बंदी के लिए इन दोनों शहरों का भी बंद होना जरूरी है। तभी चंडीगढ़ में बंदी का फायदा हो सकता है। लिहाजा, आज जब हरियाणा सरकार ने राज्य के 8 अन्य जिलों के साथ पंचकूला में भी वीकेंड लॉकडाउन लगा दिया तो पहले से तैयार बैठे चंडीगढ़ प्रशासन ने वीकेंड लॉकडाउन पर मोहाली व पंचकूला के साथ चलने की घोषणा कर दी। वीकेंड लॉकडाउन शुक्रवार रात 10 बजे से शुरू होगा तथा सोमवार को सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा।

error: Content can\\\'t be selected!!