मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में चंडीगढ़ AAP ने भाजपा कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन

विरोधियों के खिलाफ जांच एजेंसियों के इस्तेमाल की भाजपाई साजिश एक बार फिर सामने आई: छाबड़ा

CHANDIGARH, 27 FEBRUARY: दिल्ली के आबकारी घोटाले के मामले में सीबीआई द्वारा उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किए जाने से आम आदमी पार्टी (AAP) बेहद गुस्से में है। पार्टी जगह- जगह इस गिरफ्तारी का विरोध कर रही है। चंडीगढ़ प्रदेश आम आदमी पार्टी ने भी आज यहां पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन, पार्टी के पूर्व सह- प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में यहां भाजपा कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। AAP कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय को घेरने के लिए आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें बेरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान AAP कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।

इस अवसर पर पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन, AAP के पूर्व सह-प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि जैसा कि सबको पता है कि भारत के गरीब बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने वाले और पूरे देश के लिए अच्छे स्कूल तथा एजुकेशन मॉडल देने वाले दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को केंद्र सरकार के इशारे पर बिना दोष सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे भाजपा की बौखलाहट और विरोधियों के खिलाफ जांच एजेंसियों के इस्तेमाल की घिनौनी साजिश एक बार फिर सामने आ गई है। छाबड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के भारत में बढ़ रहे प्रभाव से भारतीय जनता पार्टी घबरा गई है। इसलिए भाजपा की केंद्र सरकार आम आदमी पार्टी के नेताओं को सिर्फ बदनाम करने की नीयत से इस तरह की कार्रवाई कर रही है लेकिन देश की जनता अब पूरी तरह जागरूक है। लोग भाजपा और मोदी सरकार के हथकंडों को पहचान चुके हैं और भाजपा अपने मकसद में कभी कामयाब नहीं होगी।

छाबड़ा ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार को इस पूरे मामले में मुंह की खानी पड़ेगी, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ और ईमानदार की राजनीति की है। प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के नेतृत्व में ही देश में एक स्वच्छ राजनीति की शुरुआत की है। इसलिए ये दोनों नेता शुरू से भाजपा के निशाने पर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ भाजपा की साजिशें लगातार सामने आ रही हैं। लोग भाजपा को इसका माकूल जवाब देंगे।

आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में पार्टी के सभी पार्षद, नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए त्तथा भाजपा व मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सभी ने बीजेपी की कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदर्शनकारी भाजपा के खिलाफ नारे लगा रहे थे। इस बीच, AAP कार्यकर्ताओं ने भाजपा ऑफिस की तरफ जाने का प्रयास किया लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया।

error: Content can\\\'t be selected!!