AAP की जीत का सेलिब्रेशन: अरविंद केजरीवाल कल चंडीगढ़ में भव्य विजय यात्रा निकालकर जनता का जताएंगे आभार, जानिए कितने बजे कहां से शुरू होगी यात्रा

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में शानदार जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी कल चंडीगढ़ में इस विजय को बड़े स्तर पर सेलिब्रेट करने जा रही है। इसके लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल कल वीरवार को खुद चंडीगढ़ आ रहे हैं। इस दौरान केजरीवाल यहां एक भव्य विजय यात्रा निकालकर चंडीगढ़ की जनता का आभार व्यक्त करेंगे। आम आदमी पार्टी ने इस विजय यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

गौरतलब है कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी पहली बार उतरी थी तथा पहली बार में ही 14 सीटें हासिल कर बड़ी जीत दर्ज करने में कामयाब रही। चूंकि इसका सीधा संदेश अब पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भी जा रहा है तो पार्टी पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में इस शानदार जीत को लेकर बेहद उत्साहित है। हालांकि अब चंडीगढ़ में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव की चुनौती भी आम आदमी पार्टी के सामने खड़ी है लेकिन पार्टी का मानना है कि नगर निगम सदन में सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण इस चुनाव में भी आम आदमी पार्टी को ही सफलता मिलेगी। यह बात अलग है कि अपना मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर बनाने के लिए आम आदमी पार्टी को अभी पांच और पार्षद चाहिए। लिहाजा, यह देखना दिलचस्प होगा कि आम आदमी पार्टी का मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर बनाने के लिए कौन पांच पार्षद आगे आएंगे।

फिलहाल, चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में 14 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने से आम आदमी पार्टी व खुद अरविंद केजरीवाल गदगद हैं। उन्होंने अपने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों से मुलाकात करने व उन्हें बधाई देने के लिए उन्हें कल दिल्ली में लंच पर आमंत्रित किया था लेकिन केजरीवाल के खुद चंडीगढ़ आने का प्रोग्राम बन जाने के बाद दिल्ली में लंच का कार्यक्रम कैंसिल कर दिया गया।

आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा के मुताबिक वीरवार को अरविंद केजरीवाल दोपहर करीब साढ़े 12 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे और एक बजे सेक्टर-22 स्थित अरोमा लाइट प्वाइंट से विजय यात्रा की शुरुआत कर नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को जिताने के लिए चंडीगढ़ की जनता का आभार व्यक्त करेंगे।

बता दें कि सेक्टर-22 न केवल शहर का सेंटर प्वाइंट है, बल्कि उस वार्ड नम्बर-17 का भी हिस्सा है, जिसमें ढाबा चलाने वाले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दमनप्रीत सिंह ने नगर निगम चुनाव में AAP के उम्मीदवार के रूप में भाजपा के मौजूदा मेयर रविकांत शर्मा को भारी मतों के अंतर से पराजित किया है। यह वार्ड इस चुनाव की हॉट सीटों में शुमार था, क्योंकि इस सीट पर आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा की व्यक्तिगत तथा सियासी प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी। छाबड़ा इस वार्ड से ही तीन बार लगातार पार्षद चुनकर चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर रह चुके हैं। लिहाजा, उन्होंने यहां आम आदमी पार्टी को भारी मतों से जिताकर एक बार फिर अपना वर्चस्व साबित कर दिया।

error: Content can\\\'t be selected!!