द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी कहने का मामलाः चंडीगढ़ भाजपा ने कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए पुलिस को दी शिकायत

CHANDIGARH, 29 JULY: कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी द्वारा भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के बारे में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आज सेक्टर-17 स्थित पुलिस स्टेशन पहुंचकर सांसद अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए शिकायत दी है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश महामंत्री रामवीर व चंद्रशेखर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सेक्टर-17 स्थित पुलिस स्टेशन पहुंचे व अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की। शिकायत में कहा गया है कि हम भारत के नागरिक हैं और राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त पार्टी भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं।
हम लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति के बारे में इस्तेमाल किए गए शब्दों से आहत और व्यथित हैं। अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति को राष्ट्रपत्नी के रूप में संबोधित किया था, जो कि न केवल भारत के राष्ट्रपति के खिलाफ एक अपमानजनक शब्द है, बल्कि चौधरी ने देश के नागरिको की भावनाओं को भी आहत किया है। शिकायत में कहा गया है कि अधीर रंजन चौधरी ने जानबूझकर और सोची-समझी नीति के तहत राष्ट्रपति को बदनाम करने और देश की छवि को खराब करने की कोशिश की है। इसलिए अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ उपयुक्त दंडात्मक कार्रवाई की आवश्यकता है।

शिकायत पत्र में प्रार्थना की गई है कि लोकसभा में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धारा 3 के साथ धारा-124, 499, 506, 509 आईपीसी के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश पदाधिकारी तजिंदर सिंह सरां, कैलाश चंद जैन, धीरेंद्र तायल, नरेश अरोड़ा, पार्षद मनोज सोनकर, कुलजीत सिंह संधू, हरजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, जिला अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा, सतेंदर सिद्धू, पूर्व मेयर रविकांत शर्मा, पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

error: Content can\\\'t be selected!!