चंडीगढ़ में विपक्ष पर BJP का अब तक का सबसे बड़ा हमलाः AAP के पास न संगठन, न चेहरा, परिवारवाद से कांग्रेस का वजूद खतरे में, निगम चुनाव जीतेगी सिर्फ भाजपा-अरुण सूद

चंडीगढ़ के 13 गांवों में हर तरीके के विकास कार्यों का आज शाम को होगा उदघाटन

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने आज विपक्ष पर जोरदार हमला बोलते हुए चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की राजनीति में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी को पूरी तरह खारिज कर दिया। सूद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परिवारवाद के कारण चंडीगढ़ में भी कांग्रेस का वजूद खतरे में है। कांग्रेसियों का मनोबल टूटा हुआ है, जबकि आम आदमी पार्टी के पास न संगठन है और न चेहरा है। यहां तक कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी दोनों के पास नगर निगम चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी तक नहीं हैं। यह दोनों ही पार्टियां मुद्दा विहीन हैं। हाल ही में भी निगम सीटों के रिजर्वेशन के जिस ड्रॉ को लेकर कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया, उससे पहले कांग्रेस को यह भी देख लेना चाहिए था कि पिछले चुनाव के समय वह ड्रॉ कब हुआ था। इस बीच, सूद ने विकास से बचे चंडीगढ़ के 13 गांवों में हर तरीके के विकास कार्यों का आज शाम उदघाटन होने व यह सभी कार्य इन गांवों में कल से ही शुरू हो जाने का भी ऐलान किया।

दरअसल, चंडीगढ़ में भाजपा इस बार भगवान वाल्मीकि की जयंती को एक सप्ताह तक धूमधाम से मनाने जा रही है। इस वाल्मीकि जयंती सप्ताह की रूपरेखा की घोषणा के लिए आज थोड़ी देर पहले ही सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर भी मीडिया के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि आने वाले नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह कमर कस चुकी है। संगठन स्तर पर भी तैयारियां पूरी हो गई हैं। प्रदेश, जिला, मंडल, प्रकोष्ठ व पार्टी के सभी डिपार्टमेंट्स की कार्यकारिणियों के गठन के अलावा सभी पोलिंग स्टेशन को शक्ति केंद्र मानते हुए उनकी समितियां, 595 बूथों की कमेटियां व 10 हजार पन्ना कमेटियां व पन्ना प्रमुख (वोटर लिस्ट के एक पेज का प्रभारी) तक की नियुक्तियां पूरी की जा चुकी हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ में आम जनता के बीच पार्टी के तमाम तरह के कार्यक्रम तथा सेवा कार्य चल रहे हैं। कोरोना वैक्सीनेशन पर भाजपा ने पूरा जोर लगा रखा है तथा कोशिश है कि चंडीगढ़ देश का पहला शत प्रतिशत वैक्सीनेशन वाला शहर बने।

एक सवाल के जवाब में अरुण सूद ने कहा कि पिछली बार भाजपा 22 सीटों पर चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव लड़ी थी तथा 21 सीटें जीती थी। इस बार इस एक सीट की भी कमी पूरी करते हुए सभी 35 सीटों पर भाजपा अपनी विजय का परचम लहराएगी। इस दौरान अरुण सूद ने विपक्ष पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी गुल पनाग को करीब एक लाख वोट पड़े थे, जबकि पिछले लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन को मात्र 13 हजार वोट मिले थे, उनकी जमानत जब्त हो गई थी। इस बार नगर निगम चुनाव में उतर रही आम आदमी पार्टी के पास न संगठन है, न चेहरा है। कुछ लोग कांग्रेस से टूटकर आम आदमी पार्टी में गए हैं। जो लोग भी आज आम आदमी पार्टी के नेता हैं, उनमें से कोई भी निगम चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है। लग रहा है कि आम आदमी पार्टी ऐन मौके पर मैदान छोड़कर भागेगी।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि कांग्रेस एक पुरानी पार्टी है लेकिन आज परिवारवाद के कारण देशभर में ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़ में भी कांग्रेस का वजूद परिवारवाद हावी होने से खतरे में है। फिर भी जैसा पहले होता रहा है, इस बार भी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा का मुख्य मुकाबला कहने को कांग्रेस से होगा लेकिन आज चंडीगढ़ में कांग्रेस के संगठन की भी जैसी खस्ता हालत है, पार्टी में बिखराव है तथा कई कांग्रेसियों के पार्टी छोड़ देने से कांग्रेस का मनोबल जिस तरह टूटा हुआ है, उससे भी भाजपा की जीत सुनिश्चित है। अरुण सूद यही नहीं रुके, उन्होंने कांग्रेस पर हमला और तेज करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास आज भाजपा के खिलाफ मुद्दे ही नहीं हैं। निगम सीटों के रिजर्वेशन के जिस ड्रॉ को लेकर कांग्रेस 20 लोगों को लेकर डीसी दफ्तर के सामने बैठ गई, पहले कांग्रेस को यह भी देख लेना चाहिए था कि पिछले चुनाव के समय इस तरह का ड्रॉ कब हुआ था। सूद ने कहा कि वैसे भी यह मुद्दा स्टेट इलेक्शन कमीशन का है, भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस को चाहिए कि वह लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए।

अरुण सूद ने यहां तक कह दिया कि चंडीगढ़ में कांग्रेस के रूप में कितना कमजोर विपक्ष है, इससे बड़ा तथ्य क्या हो सकता है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत शहर में गरीबों को बांटने के लिए जो गेहूं आया था, वह बेहद खराब था लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे तक को नहीं उठा सकी। कांग्रेस में आज इतना भी दम नहीं रह गया कि वह इस मुद्दे पर विपक्ष की भूमिका निभा पाती। यह शहर के लिए अच्छी बात नहीं है। शहर में छह जगह यह गेहूं बंटने के बाद भाजपा की जानकारी में जब खराब गेहूं का मसला आया तो सारा गेहूं भाजपा ने बंटने से रुकवाया। संबंधित अधिकारियों से बात करके हमने राजपुरा का डिपो बदलवाया, जहां से गेहूं मंगाया गया था। नए डिपो से नया गेहूं मंगाया। अब इसका वितरण सही तरीके से व्यवस्थित रूप में करवाया जा रहा है। लगातार चेकिंग कराई जा रही है। भाजपा के पदाधिकारियों की पैकिंग पर भी ड्यूटी लगाई है। जिन लोगों को खराब गेहूं बंट गया था, उन्हें भी दोबारा अच्छा गेहूं दिया जा रहा है। अरुण सूद ने कहा कि चूंकि कांग्रेस का संगठन कमजोर है। उसके पास निगम चुनाव लड़ने के लिए न एससी उम्मीदवार है, न महिला उम्मीदवार है, इसलिए कांग्रेस उतावली हुई पड़ी है कि उसे सीटों के रिजर्वेशन जैसी चीजें समय से पहले पता लग जाएं, ताकि वह अपनी तैयारी कर सके, जबकि हमारे पास निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की भीड़ है। हमें जरूर प्रत्याशी चयन में दिक्कत होगी।

एक अन्य सवाल के जवाब में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत फिलहाल उन लाभार्थियों को लाभ मिल रहा है, जिनका नाम 2011 की जनगणना के हिसाब से बनी लिस्ट में है। हैरानी की बात यह है कि इसमें कांग्रेस से संबंधित सेक्टर-22 के एक डॉक्टर दंपति का भी नाम था। इस मामले को भाजपा ने उच्चाधिकारियों तक उठाया है। एक सवाल के जवाब में सूद ने यह भी बताया कि विकास से बचे चंडीगढ़ के 13 गांवों में सड़क, सीवरेज से लेकर हर तरीके के विकास कार्यों का आज शाम उदघाटन होने जा रहा है। यह सभी कार्य इन गांवों में कल से ही शुरू हो जाएंगे तथा शीघ्र पूरे भी किए जाएंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!