चंडीगढ़ में BJP मनाएगी भगवान वाल्मीकि जयंती सप्ताहः अरुण सूद ने घोषित किए पूरे सप्ताह के कार्यक्रम

CHANDIGARH: भगवान वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने 14 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक भगवान वाल्मीकि जयंती सप्ताह मनाने मका फैसला किया है। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय कमलम में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरुण सूद के साथ भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चन्द जैन, नरेश अरोड़ा व एससी मोर्चा अध्यक्ष कृष्ण कुमार भी उपस्थित थे।

अरुण सूद ने कहा कि भगवान वाल्मीकि त्रिकालदर्शी थे। उन्होंने समाज में पनप रही बुराइयों से दूर रहकर मर्यादा में रहना सिखाया है। वे केवल वाल्मीकि समाज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी मानव जाति के लिए पूजनीय हैं। उन्होंने संपूर्ण मानव जाति को जीने की राह दिखाई है। उनकी शिक्षाएं पूरे समाज के लिए हैं। उनके ज्ञान का प्रकाश पूरे विश्व मे फैला हुआ है।

अरुण सूद ने बताया कि 20 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि की जयंती है। इस वर्ष भगवान वाल्मीकि जयंती को विशेष बनाने के लिए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने 14 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक भगवान वाल्मीकि जयंती सप्ताह मनाने का फैसला किया है। भाजपा आने वाले वर्षों में भी वाल्मीकि जयंती को इसी प्रकार हर वर्ष धूमधाम से मनाएगी।

अरुण सूद ने बताया कि इस दौरान 14 अक्टूबर को शाम 6:00 बजे लॉ ऑडिटोरियम सेक्टर-37 में संत समाज का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें अनुसूचित जाति वर्ग से सम्बंधित संतों और महान पुरुषों को सम्मानित किया जाएगा। 15 अक्टूबर को धनास के कम्युनिटी सेंटर में मेडिकल कैंप व वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोगो के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी तथा मुफ्त दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।

16 अक्टूबर को शिक्षा तथा खेलकूद व अन्य एक्टिविटीज के क्षेत्र में मेधावी व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अनुसूचित वर्ग से सम्बंधित छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। 17 अक्टूबर को मलोया में स्पोर्ट्स ईवेंट करवाए जाएंगे। 18 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि की जीवनी पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। 19 अक्टूबर को मौली जागरां में भगवान वाल्मीकि के नाम भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें सांसद एवं प्रसिद्ध गायक हंस राज हंस विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। 20 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती के दिन भगवान वाल्मीकि मंदिर सेक्टर-24 में कम से कम दस हजार लोगों के लिए विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा।

अरुण सूद ने बताया कि इन आयोजनों को सही तरीके से अंजाम देने के लिए एक समिति बनाई गई है, जो सभी आयोजनों को श्रद्धापूर्वक तथा भव्यता से मनाया जाना सुनिश्चित करेगी। सूद ने बताया कि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व एससी मोर्चा के प्रभारी नरेश अरोड़ा को इस समिति का संयोजक बनाया गया है, जबकि एससी मोर्चा अध्यक्ष कृष्ण कुमार, पूर्व मेयर राजेश कालिया, पार्षद सचिन लोहटिया, नरेंद्र चौधरी, एडवोकेट अमित खैरवाल, प्रिया,हुकम चंद व पार्षद भरत कुमार इस समिति के सदस्य होंगे। सभी सदस्यों को अलग-अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारी भी दी गई है।

error: Content can\\\'t be selected!!