25 जून को लोकतंत्र के काले अध्याय के रूप में मनाएगी भाजपा, रामबिलास शर्मा होंगे मुख्य वक्ता

CHANDIGARH, 24 JUNE: भारतीय जनता पार्टी देशभर में 25 जून को लोकतंत्र के काले अध्याय के रूप में मनाएगी। इस दिन पार्टी कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य वक्ता हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा होंगे।

यह जानकारी देते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चन्द जैन ने बताया कि 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लागू किया गया था। इस कारण यह दिन भारत के लोकतंत्र का काला दिन बनकर रह गया है। उस दिन लाखों लोगों को जेलों में ठूंस दिया गया था, हजारों पर मीसा लगाया गया, समाचार पत्रों पर सेंसर लगा दिया गया था। यहां तक कि विचारों की अभिव्यक्ति पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था। इन सब घटनाओं की जानकारी शायद आज की पीढ़ी को नहीं है।

जैन ने कहा कि आपातकाल के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की कांग्रेस सरकार द्वारा की गई लोकतंत्र की हत्या के कारनामों के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से तथा आपातकाल में यातनाएं सहने वाले लोकतंत्र के सिपाहियों को याद करने के लिए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा द्वारा 25 जून 2022 को सायं 5:00 बजे सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय कमलम में एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, जो स्वयं इमरजेंसी के भुक्तभोगी रहे हैं तथा इमरजेंसी के दौरान 19 महीने जेल में यातनाएं सहीं, मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे तथा आपातकाल के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!