चंडीगढ़ में भाजपा ने बजाया 2024 के लोकसभा चुनाव का बिगुल

प्रदेश कार्यकारिणी की हुई बैठकः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों व कार्यकर्ताओं के बलबूते ही जीतेंगे चुनाव-विजय रूपाणी

CHANDIGARH, 24 JANUARY: चंडीगढ़ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति की बैठक आज स्थानीय सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय कमलम में प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद की अध्यक्षता में हुई, जिसमें संगठनात्मक, राजनीतिक समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा पार्टी की कार्यप्रणाली के लिए आगामी रोडमैप तैयार किया गया।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि दीप प्रज्वलन से आरंभ हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में चंडीगढ़ प्रदेश प्रभारी एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने विशेष रूप से हिस्सा लिया व कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पिछले 9 वर्षों में देश के हर वर्ग का ख्याल रखा है तथा  देश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। देश हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है,  दुनिया के नक्शे पर भारत अव्वल देशों की श्रेणी में खड़ा हो गया है। आज पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली का अनुसरण करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि देश की तरक्की और सम्मान को बरकरार रखने के लिए देश में पुनः भाजपा की सरकार बनाना अति आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली व  कार्यकर्ताओं के बलबूते पर ही पर ही 2024 के चुनाव में जीत हासिल की जा सकती है। हर कार्यकर्ता को 2024 में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने  के लिए अभी से कमर कस लेनी चाहिए, ताकि 2024 में देश में एक बार फिर से कमल खिले और देश तरक्की के नए आयाम बनाए।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलू ने संगठनात्मक विषय पर चर्चा की। बूथ सशक्तिकरण, शक्ति केंद्र सशक्तिकरण पर जोर दिया तथा सभी बूथों में पन्ना प्रमुख बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पन्ना प्रमुखों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने मुख्य अतिथि तथा कार्यकारिणी के सभी सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने जून 2022 में हुई पिछली कार्यकारिणी बैठक से लेकर आज तक की पार्टी गतिविधियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने पार्टी के आगामी कार्यों के बारे में भी निर्देश दिए। सूद ने नगर निगम में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव जीतने पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। साथ ही पार्टी के आगामी रोड मैप की जानकारी दी तथा 2024 को ध्यान में रखते हुए पार्टी की
कार्यशैली कैसे चलाई जाए, इस बारे में चर्चा की।

बैठक में मेयर अनूप गुप्ता ने भाजपा शासित नगर निगम के कार्यो और उपलब्धियों के बारे में बताया। इनके अलावा प्रदेश कार्यालय सचिव गजेंद्र शर्मा ने शोक प्रस्ताव रखा। पार्षद श्रीमती हरप्रीत कौर बबला ने जी-20 सम्मेलन के बारे में जानकारी दी। रामवीर ने प्रधानमंत्री के मन की बात के प्रकरणों पर चर्चा की। ओपी सिंह ने स्वाबलंबी भारत, विजय राणा ने सीमावर्ती गांव संपर्क तथा परीक्षा पर चर्चा विषय पर जानकारी दी। इसी प्रकार महेंद्र निराला ने सोशल मीडिया तथा दीपक मल्होत्रा ने डाटा मैनेजमेंट पर चर्चा की।

बैठक से पहले प्रदेश प्रभारी एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का स्वागत करते चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद व अन्य।

बैठक में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर ने आज के राजनीतिक परिदृश्य पर प्रस्ताव पेश किया, जिसका अनुमोदन वरिष्ठ उपमहापौर कनवर राणा ने किया तथा द्वितीय अनुमोदन उपमहापौर हरजीत सिंह द्वारा किया गया। राजनीतिक प्रस्ताव में चंडीगढ़ में भाजपा के नेतृत्व में किए गए विकास  कार्यों तथा आने वाले समय में करवाए जाने कार्यों का उल्लेख किया गया। शहरवासियों के विभिन्न मुद्दों को प्रशासन एवं निगम के सहयोग से हल करवाने हेतु 18 विभिन्न समितियों का भी गठन किया गया। ये समितियां जन सहयोग से जन भावनाओं के अनुसार इन विषयों को संबंधित अधिकारियों के सामने उठाकर इनका निवारण सुनिश्चित करेंगी। प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया कि आने वाला चुनाव बीजेपी तथा अन्य पार्टियों के बीच होने वाला है, सभी विपक्षी पार्टियां एक होकर बीजेपी का मुकाबला करेंगी लेकिन भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के सहयोग से संगठन का विस्तार करते हुए प्रत्येक बूथ पर कुल मतदाताओं का 51% मत प्राप्त करने का लक्ष्य प्राप्त करते हुए भाजपा की विजय सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में इस प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं ने सुझाव भी दिए।

बैठक में सभी जिला अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों, प्रकोष्ठों के कोऑर्डिनेटर व विभागों के समन्वयकों ने अपने-अपने जिलों ,
मोर्चो, प्रकोष्ठों व विभागों का ब्योरा दिया  तथा रिपोर्ट पेश की। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेकर धन्यवाद प्रस्ताव के साथ बैठक का समापन हुआ। इस बैठक में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रभारी एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, संगठन महामंत्री मन्थरी श्रीनिवासुलू, महामंत्री रामवीर, चंद्रशेखर, मेयर अनूप गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमला शर्मा, कोर कमेटी के सभी सदस्य, फाइनेंस कमेटी के सभी
सदस्य, सभी प्रदेश पदाधिकारी, सभी पार्षद,  जिला- मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल अध्यक्ष, प्रकोष्ठ – विभागों के संयोजक सह संयोजक तथा कार्यसमिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!