भाजपा ने डड्डूमाजरा में बनाया कोविड टीकाकरण हैल्प सैंटर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने किया उदघाटन, जानिए क्या-क्या करेगा यह सैंटर

CHANDIGARH: वैश्विक महामारी कोरोना की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार द्वारा देशभर में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान को चंडीगढ़ में लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने डड्डूमाजरा की डिस्पेंसरी के सामने सहायता केंद्र खोला है, जिसका शुभारम्भ आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने किया। इस अवसर पर उनके साथ चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रभारी दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र रैना, चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, प्रदेश महामंत्री रामबीर व जिला अध्यक्ष रविंद्र पठानिया उपस्थित थे।

ये काम कर रहा सहायता केंद्र

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि पार्टी द्वारा स्थापित किए गए कोविड टीकाकरण सहायता केंद्र के माध्यम से बुजुर्गों के पंजीकरण से लेकर उनको घरों से लाकर टीकाकरण करवाने का सारा काम पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता कर रहे हैं। आज इस अभियान में 50 से भी अधिक लोगों को टीका लगवाया गया। सूद ने कहा कि ये पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि सहायता केंद्र के माध्यम से बुजुर्ग, जो अपाहिज हैं और चल-फिर पाने में सक्षम नहीं हैं, उनको अपनी गाड़ियों में बैठाकर व्हील चेयर पर लाकर उनका टीकाकरण करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश के नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है। देश के प्रधानमंत्री के आह्वान पर हमारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में लॉकडाउन से लेकर अभी तक पार्टी के कार्यकर्ता दिन-रात समाज सेवा में लगे हुए हैं और अब टीकाकरण अभियान से भी लोगों को जोड़ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने किया सहायता केंद्र का निरीक्षण

आज भाजपा के कोविड टीकाकरण सहायता केंद्र के उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बहुत बारीकी से इस केंद्र के कामकाज का निरीक्षण किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने केंद्रीय मंत्री को जानकारी देते हुए कहा कि गत सप्ताह से चंडीगढ़ में पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। आज टीकाकरण के लिए इस सहायता केंद्र में युवा लैपटॉप के माध्यम से cowin एप्लीकेशन पर बुजुर्गों का पंजीकरण कर रहे हैं। साथ ही उनको पंजीकरण पूरा होने पर सर्टिफिकेट स्लिप प्रिंटर के माध्यम से प्रिंट कर प्रदान कर रहे हैं। यह सभी सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं। इस स्लिप को लोग स्वास्थ्य केंद्र पर दिखाकर अपना टीकाकरण करवा रहे हैं।

टीकाकरण का लक्ष्य पूरा होने तक यह केंद्र लगातार चलता रहेगाः अरुण सूद

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि टीकाकरण का लक्ष्य पूरा होने तक यह केंद्र लगातार चलता रहेगा। यहां प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को बैठाया गया है। इसके साथ सहायता केंद्र में टीका लगवाने वाले लोगों की सुविधा के लिए प्रतीक्षा कक्ष भी स्थापित किया गया है और पानी की सील बंद बोतलों का भी प्रबंध पार्टी द्वारा किया गया है। इस मौके पर टीकाकरण के लिए सहायता केंद्र में पंजीकरण कराने आए बुजुर्गों से केंद्रीय मंत्री ने बातचीत भी की। इस अवसर पर पार्टी के मेडिकल प्रकोष्ठ के संयोजक प्रिंस भंदुला, जिला अध्यक्ष जितेन्द्र मल्होत्रा, राजेन्द्र शर्मा, मनीष भसीन, नरेश पंचाल, स्थानीय पार्षद फार्मिला, पूर्व मेयर राजेश कालिया, मंडल अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ, पार्षद और सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

स्वास्थ्य मंत्री ने टीकाकरण केंद्र का भी निरीक्षण किया

सहायता केंद्र के उद्घाटन के उपरान्त केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित टीकाकरण केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां पर टीका लगवाने आए लोगों के अलावा उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर व स्टाफ से बातचीत की, उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर उनके साथ स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कौर, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. वीरेंद्र नागपाल, डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. परमजीत सिंह, स्वास्थ्य केंद्र सेक्टर-38 की एसएमओ डॉ. श्वेता भी मौजूद थीं। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को बताया गया कि विभाग द्वारा कोरोना का टेस्ट करवाने के लिए भी यहां सुविधा शुरू की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी कक्षों में जाकर विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और उन्हें इस काम को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी को बधाई दी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने अरुण सूद व पार्टी कार्यकर्ताओं को दी बधाई

इसके उपरान्त स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें ख़ुशी है कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस अभियान में युद्धस्तर पर डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राजनीतिक पार्टी तो है लेकिन इसके साथ समाजहित में भी सभी कार्यों को करने के लिए कभी पीछे नहीं हटती। ऐसा इसलिए संभव है कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ता अपने शीर्ष नेताओं के पदचिन्हों पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने राज को सेवा भाव से करने का प्रण लिया हुआ है। केंद्र में मोदी सरकार व सभी मंत्री इसी ध्येय को लेकर जनसेवा भाव से देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ भाजपा जन जागरण अभियान और अब सहायता केन्द्रों के माध्यम से लोगों की सेवा करके एक नेक काम कर रही है।

error: Content can\\\'t be selected!!