विरोध से घबरा गई भाजपा, आवाज दबाने के लिए दर्ज करवा दी एफआईआर: कांग्रेस

जेईई व एनईईटी परीक्षा कराने के फैसले के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसजनों पर एफआईआर दर्ज किए जाने की कड़ी निंदा की

CHANDIGARH: कोरोनाकाल में जेईई व एनईईटी की परीक्षा कराने के फैसले के विरोध में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ शनिवार को शहर में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसजनों पर चंडीगढ़ पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने की चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने कड़ी निंदा की है। साथ ही कहा है कि कांग्रेस की तरफ से कड़े विरोध के कारण भाजपा घबरा गई है। इसलिए सत्ता में होने का लाभ उठाते हुए चंंडीगढ़ पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाकर निर्दोष कांग्रेसजनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवा दी।

कांग्रेसजन किसी भी दमन से झुकने वाले नहीं

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामपाल शर्मा, सुभाष चावला, डीडी जिंदल, पवन शर्मा, सुरिंदर सिंह, दविंदर बबला, जतिंदर भाटिया, हरफूल चंद कल्याण, गुरचरण दास काला, जसजीत सिंह कंग, हाफिज अनवरुलहक़, हरमोहिंदर सिंह लकी, दीपा दुबे, अजय जोशी, गुरप्रीत सिंह गाबी, अजय शर्मा, यादविंदर मेहता, राजीव मौदगिल, गुरबख्श रावत, अनीता शर्मा, मीनाक्षी चौधरी, प्रेमलता, हरजिंदर बावा, जीत सिंह, रविंद्र गुजराल, शीला देवी, सतीश कैंथ, धर्मवीर, रामेश्वर गिरि, सुरजीतसिंह ढिल्लों, संजय भजनी ने एक संयुक्त बयान में कहा कि शांति पूर्वक तरीके से केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसजनों पर एफआईआर दर्ज किया जाना जनता की आवाज को दबाने की कोशिश है लेकिन कांग्रेसजन इस तरह की किसी भी दमनकारी कार्रवाई से झुकने वाले नहीं हैं।

भाजपाइयों पर क्यों नहीं होती एफआईआर ?

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्या देश में लोकतंत्र खत्म हो चुका है? क्या सरकार की गलत नीतियों व फैसलों का विरोध करना जुर्म है? अंधी व बहरी सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए सड़क पर उतरना अपराध है? क्या ये माना जाए कि देश में तानाशाहों का राज है? कांग्रेस नेताओं ने चंडीगढ़ पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चंडीगढ़ पुलिस तब क्यों नही पर्चा दर्ज करती, जब भाजपा के नेता भीड़ इकट्ठी कर हवन करते हैं या सेक्टर-17 में चार-चार घंटेे विरोध प्रदर्शन करते है? क्या कानून सिर्फ कांग्रेस के लिए है, बीजेपी के लिए नहीं? कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा के नेता ओछी राजनीति कर घटियापन का सबूत दे रहे हैं। कांग्रेस जनता के हक की आवाज ऐसे ही उठाती आई है और आगे भी ऐसे ही उठाती रहेगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता ऐसी एफआईआर से डरने वाला नहीं है।

ये भी पढ़ें ? NEET व JEE परीक्षा के खिलाफ NSUI ने शुरू की बेमियादी भूख हड़ताल

error: Content can\\\'t be selected!!