भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने सोनिया गांधी के नेतृत्व को बताया महान, राहुल गांधी का भी लिया नाम, जानिए क्यों

CHANDIGARH: हैदराबाद नगर निगम के चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत से देशभर में पार्टी नए जोश में दिख रही है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने भी इस शानदार सफलता पर जश्न मनाते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों की लोकप्रियता तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल नेतृत्व व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्ग दर्शन का परिणाम बताया है।

इस बीच, चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद का एक ट्वीट अचानक चर्चा में आ गया है। इसमें एक वीडियो क्लिप के साथ अरुण सूद ने व्यंग्यात्मक लहजे में कांग्रेस नेतृत्व को घेरा है। उन्होंने कहा, हैदराबाद कारपोरेशन इलेक्शन में 150 सीटों में से 2 पर जीत के साथ कांग्रेस लीडरशिप के लिए 100 प्रतिशत सफलता। श्रीमती सोनिया गांधी जी के महान नेतृत्व के कारण और श्री राहुल गांधी जी के असाधारण प्रयासों के कारण।

पिछली बार भी दो ही सीटें जीती थी कांग्रेस

गौरतलब है कि हैदराबाद नगर निगम के पिछले चुनाव में भी कांग्रेस 2 ही सीटें जीती थी, जबकि भाजपा ने 4 सीटें जीती थीं। इसके अलावा टीआरएस के हिस्से में 99 सीटें थीं, जबकि असुदुद्दीन ओवैसी की पार्टी को 44 सीटें मिली थीं। इस बार भाजपा ने 48 सीटें जीती हैं, एक अन्य पर वह आगे चल रही है, जबकि टीआरएस 55 सीटों पर विजयी हुई है। ओवैसी की पार्टी अपनी 44 सीटें ही बरकरार रख सकी है तथा तीसरे नंबर पर खिसक गई है। इस चुनाव में भाजपा समेत सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी।

चंडीगढ़ में अगले साल होना है नगर निगम चुनाव

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के इस ट्वीट को चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। चंडीगढ़ में अगले साल नगर निगम चुनाव होना है। पिछली बार इस चुनाव में यहां भाजपा प्रचंड बहुमत से जीती थी। इस बार भी भाजपा इस विजय को दोहराने के प्रति पूरी तरह आश्वस्त है।

पढ़िए सबसे आक्रामक बयानः आज किसी विरोधी को नहीं बख्शा कैप्टन ने, बोले- मैं ईडी क्या, किसी से नहीं डरता, केजरीवाल नूं झूठ बोलन दी आदत, खट्टर नूं कुट्टन दी, बादलों को भी सुनाई खरी-खोटी

error: Content can\\\'t be selected!!