BJP ने सेक्टर 41-ए में लगाया मुफ्त मैडीकल चेकअप और वैक्सीनेशन कैंपः देश में चिकित्सा के क्षेत्र में आई है अद्भुत क्रांति- अरुण सूद

CHANDIGARH: चिकित्सा के क्षेत्र में हमारे देश में अद्भुत क्रान्ति आई है। विभिन्न नवीनतम तकनीकों से किसी भी बीमारी को समय रहते पकड़ा जा सकता है, यदि उसकी जांच सही समय पर हो। यह बात भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने आज सेक्टर 41-ए स्थित श्री दुर्गा मंदिर में भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के डॉ. भीमराव अम्बेडकर जिला द्वारा आयोजित निःशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप और टीकाकरण के दौरान कही। इस अवसर पर उनके साथ चंडीगढ़ के महापौर रविकांत शर्मा, जिलाध्यक्ष रविन्द्र पठानिया, डिप्टी मेयर फर्मिला देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमला शर्मा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता धवन, महामंत्री नेहा अरोड़ा, सचिव जसविंदर कौर, जिला महामंत्री रवि रावत और वैभव पराशर, शिविर सह संयोजक अश्वनी पराशर, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एचएल अरोड़ा, महामंत्री मनोहर लाल, महिला मंडल की अध्यक्ष अनीता, मंडल अध्यक्ष दुर्योधन राणा, मेडिकल प्रकोष्ठ के संयोजक प्रिंस भंदुला भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि चंडीगढ़ भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चलाए जा रहे सेवा ही समर्पण अभियान के अंतर्गत आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जिले के जिलाध्यक्ष रविन्द्र पठानिया के नेतृत्व में इस निःशुल्क शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एमडी मेडिसिन, महिला रोग जांच, रक्तचाप, मधुमेह और दंत सम्बन्धी रोगों की जांच के अलावा निःशुल्क कोरोना टीकाकरण किया गया। इस दौरान अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने 150 से भी अधिक लोगों की जांच की और 80 के करीब लोगों ने कोविड का टीका लगवाया।

इस अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर जिले के जिला अध्यक्ष और उनकी टीम व समस्त जिला कार्यकर्ताओं को आज के सफल शिविर के लिए प्रदेश अध्यक्ष सूद ने बधाई दी और कहा कि गत 17 सितम्बर से कार्यकर्ताओं ने प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को समाज के सेवा के कार्यों को करके मनाया, जो कि बड़ा सरहनीय कार्य है। ये भाजपा के कार्यकर्ता की पहचान है कि सामाजिक क्षेत्र में भी बढ़-चढ़ कर भाग लेते हैं।

इस मौके पर महापौर रविकांत शर्मा ने कहा कि चाहे हम रक्तदान की बात करें या इस प्रकार के चिकित्सा के शिविरों की, भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता समाज सेवा से किसी न किसी कार्यक्रम के माध्यम से देश की जनता की सेवा करते हैं। भाजपा कार्यकर्ता में सेवा ही परमोधर्म अवधारणा कूट कूट कर भरी हुई है।

आए हुए सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए जिलाध्यक्ष रविन्द्र पठानिया ने कहा कि जिस कुटुंब के जैसे संस्कार होते हैं उसके सदस्य वैसे ही आचरण के धनी होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद समेत तमाम उच्च पदाधिकारी समाज, देश के हित के लिए दिन-रात लगे हुए हैं। इनसे पूर्व के शीर्ष नेताओं के तप, त्याग का ही परिणाम है कि आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल देश में अनन्य समाज सेवा के कार्यों में लगा है और ये हम सभी का सौभाग्य है कि हम इस संगठन के सिपाही हैं।

इस शिविर में जिला उपाध्यक्ष नीमा जोशी और शीलानाथ गुप्ता, कार्यालय सचिव योगराज सिंह, मंडल अध्यक्ष नारायण प्रसाद, राकेश अग्रवाल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नाथी राम मेहरा, महामंत्री ओपी मेहरा, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक संजीव ग्रोवर, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रुचि कपूर, ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री सुरजीत कुमार, मीडिया प्रभारी अमन कुमार, गिरीश मिश्रा आदि भी उपस्थित थे।

error: Content can\\\'t be selected!!