कोरोना वैक्सीनेशन वाली बस पर BJP का कब्जा ! कांग्रेस बिफरी, सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का लगाया आरोप, प्रशासन पर भी उठाए सवाल

CHANDIGARH: शहर में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए सीटीयू की बसों में शुरू की गई मोबाइल यूनिट्स पर भाजपा नेताओं के पोस्टर लगाने व बस के भीतर BJP के पटके गले में डालकर भाजपाइयों के बैठने पर कांग्रेस बिफर गई है। कांग्रेस ने भाजपा पर इन मोबाइल यूनिट्स को अपने प्रचार का माध्यम बनाने, सरकारी मशीनरी व सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए चंडीगढ़ प्रशासन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की ने बताया कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एससी सैल के अध्यक्ष धर्मवीर ने आज सेक्टर-22 में चंडीगढ़ प्रशासन की एक बस को पकड़ा, जिसमें बस पर सामने की तरफ BJP का बैनर और बस के अंदर BJP के पटके पहने बीजेपी कार्यकर्ता थे। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने भाजपा की इस कार्रवाई को पूरी तरह गलत और अनैतिक करार दिया। लक्की ने कहा कि कोरोना टीकाकरण देश के आम करदाताओं के पैसे से किया जा रहा है, भाजपा के निजी खर्च पर नहीं।

बस में वैक्सीनेशन के दौरान बैठा BJP का कार्यकर्ता।

उन्होंने कहा कि सरकारी बस पर बैनर लगाकर भाजपा अनुचित क्रेडिट लेने का प्रयास कर रही है और अपने राजनीतिक हितों को आगे बढ़ाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। लक्की ने भाजपा को सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने की अनुमति देने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन पर भी सवाल उठाया। उन्होंने मांग की कि भाजपा कार्यकर्ताओं की इस तरह की गतिविधियों को तुरंत रोका जाना चाहिए, अन्यथा यह माना जाएगा कि चंडीगढ़ प्रशासन भाजपा के साथ मिला हुआ है और उसे अनुचित लाभ दे रहा है।

error: Content can\\\'t be selected!!