BJP ने तेज कीं चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की तैयारियां, नड्डा ने नियुक्त किए प्रभारी और सह प्रभारी, अरुण सूद ने किया स्वागत

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने चंडीगढ़ नगर निगम की तैयारियां और तेज करते हुए आज इसके लिए प्रभारी व सह प्रभारी नियुक्त कर दिए। भाजपा ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विनोद तावड़े को प्रभारी और वरिष्ठ सांसद श्रीमती इंदु बाला गोस्वामी को सह प्रभारी बनाया है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने इन नियुक्तियों का स्वागत किया है। अरुण सूद का कहना है कि इन नियुक्तियों से पार्टी को आने वाले चंड़ीगढ़ नगर निगम चुनाव में इन नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा तथा पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी।

अरुण सूद ने कहा कि एक राष्ट्रीय सचिव को चुनाव प्रभारी बनाना और वरिष्ठ सांसद को चुनाव सह प्रभारी बनाना इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्रीय नेतृत्व चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रहा है। अरुण सूद ने इन नियुक्तियों के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया तथा विश्वास दिलाया कि भाजपा चंडीगढ़ के कार्यकर्ता राष्ट्रीय नेतृत्व की आशाओं पर खरा उतरेंगे तथा सभी 35 सीटों पर जीत दिलवाने के लिए पूरी जी जान से मेहनत करेंगे। सभी सीटें जीतकर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को तोहफे के रुप में देंगे। अरुण सूद ने यह भी बताया कि उक्त दोनों नेता जल्द ही चंडीगढ़ आकर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे तथा चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!