चंडीगढ़ में निगम चुनाव के लिए सरकारी संपत्ति का लगातार दुरुपयोग कर रही BJP, प्रशासन मौनः सुभाष चावला

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा किस कदर सरकारी संपत्तियों का दुरुपयोग कर रही है, कांग्रेस ने आज इसका एक और उदाहरण पेश किया है। कांग्रेस का कहना है कि चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा द्वारा भगवान श्री वाल्मीकि जी की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए गए वाल्मीकि जयंती सप्ताह के अंतर्गत मलोया में कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान डड्डूमाजरा की सरकारी डिस्पेंसरी तक पर भाजपा के होर्डिंग लगाए गए लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।

सरकारी डिस्पेंसरी की दीवार पर लगा भाजपा का होर्डिंग।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने मीडिया को कुछ फोटो जारी करते हुए कहा कि भाजपा ने गत 17 अक्तूबर को स्पोर्ट्स काम्पलेक्स मलोया में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया था। इसके लिए भाजपा ने सरकारी संपत्ति का जमकर दुरुपयोग किया। यहां तक कि भाजपा ने अपने कार्यक्रमों के प्रचार के लिए सरकारी डिस्पेंसरी की दीवारों तक को नहीं छोड़ा। चावला ने कहा कि भाजपा सत्ता में होने का लाभ उठाते हुए लगातार सरकारी संपत्ति का अपने लिए इस्तेमाल कर रही है। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए प्रशासन की तरफ से लगाई गईं सीटीयू की बसों पर भी भाजपा ने अपने बैनर लगा दिए थे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने प्रशासन पर भी भाजपा की मदद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन भाजपा की इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार चुप्पी साधे बैठा है। चावला ने कहा कि पिछले दिनों उन्होंने चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल से अपनी मुलाकात के दौरान भी उन्होंने भाजपा द्वारा सरकारी संपत्ति व सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की शिकायत की थी। इसके बाद भी शहर में भाजपा की अवैध गतिविधियों पर प्रशासन रोक नहीं लगा पा रहा है। यह प्रशासन की नाकामी है।

error: Content can\\\'t be selected!!