भाजपा ने 24 घंटे जलापूर्ति के लिए चण्डीगढ़ को भारी विदेशी कर्ज तले दबा दिया: कांग्रेस

नगर निगम को कंगाल कर चुकी BJP, केन्द्र सरकार आसानी से इस प्रोजेक्ट के लिए 500 करोड़ की ग्रांट दे सकती थीः राजीव शर्मा

CHANDIGARH, 4 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने मनीमाजरा में 24×7 निर्बाध जलापूर्ति के कार्यान्वयन का स्वागत किया है परन्तु इस परियोजना के लिए धन जुटाने और भारी विदेशी क़र्ज उठाने के तरीके पर आपत्ति जताई है। कांग्रेस का कहना है कि इस कर्ज से पूरे शहर के निवासियों पर असहनीय बोझ पड़ेगा।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक प्रवक्ता राजीव शर्मा ने आज पार्टी की तरफ़ से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि अगर इस परियोजना को नगर निगम के अपने संसाधनों से वित्त पोषित किया जाता तो यह शहर और उसके निवासियों के हित में होता। चण्डीगढ़ की जनता को यह याद दिलाते हुए कि जब भाजपा ने वर्ष 2015 में चंडीगढ़ नगर निगम की कमान संभाली थी, तब नगर निगम के पास अपने संसाधनों से 500 करोड़ की इस परियोजना को पूरा करने के लिए पर्याप्त धन था, राजीव शर्मा ने आरोप लगाया कि तब से लेकर अगले 9 वर्षों में साल 2024 की शुरुआत तक निगम में व्याप्त कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार के कारण निगम की ऐसी हालत हो चुकी है कि अब धन की कमी के चलते शहर में महत्वपूर्ण विकास कार्यों को भी रोकना पड़ रहा है। फिर भी इन हालात के चलते यदि भाजपा शहर में 24×7 पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बहुत उत्सुक थी तो भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इसके लिए धन उपलब्ध कराने के लिए बड़ी आसानी से आगे आ सकती थी परन्तु चंडीगढ़ भाजपा ने केन्द्र सरकार से ग्रांट लेने की कोई कोशिश नहीं की और न ही अपने संसाधनों से कोई धन जुटाया। इसके विपरीत भाजपा द्वारा संचालित नगर निगम ने इस परियोजना के लिए लगभग 500 करोड़ रुपए का विदेशी ऋण लेकर शहर पर बोझ डाला दिया, जिसे अब शहरवासियों की जेबों से ब्याज सहित चुकाया जाएगा।

भाजपा को यह याद दिलाते हुए कि चंडीगढ़ शहर अपनी स्थापना के बाद से ही हमेशा स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति के लिए देशभर में जाना जाता रहा है, कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आज समय की मांग है कि मनीमाजरा सहित शहर के सभी इलाकों के निवासियों को प्रतिमाह 20000 लीटर मुफ्त पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें बेतहाशा बढ़ाए गए करों और कमर तोड़ने वाली महंगाई से जरूरी राहत मिल सके। इसके विपरीत शहर को अब परियोजना को वित्तपोषित करने के लिए लिए गए ऋण पर भारी ब्याज देना होगा।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि आज सरकारी धन के इस्तेमाल से मनीमाजरा में आयोजित किए गए इस परियोजना के उदघाटन कार्यक्रम में एक राजनीतिक दल के हितों को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि एक सरकारी कार्यक्रम में केंद्रीय गॄह मंत्री द्वारा भाजपा विरोधी पार्टियों का अकारण मखौल उड़ाते हुए बयान देना उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं था। कांग्रेस पार्टी ने चंडीगढ़ प्रशासन से भविष्य में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते समय पारंपरिक प्रोटोकॉल का पालन करने का भी आग्रह किया।

error: Content can\\\'t be selected!!