BJP के खिलाफ सबसे बड़ी बगावत वार्ड-35 में: माता वैष्णो देवी सेवादल ने कांग्रेस प्रत्याशी देविंदर गुप्ता को दिया समर्थन, किया जोरदार स्वागत

संगठन के चेयरमैन को टिकट न मिलने से पनपा रोष, अब भाजपा को हराने का संकल्प

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा में टिकट वितरण के बाद BJP को सबसे बड़ा झटका वार्ड नम्बर-35 में लगा है। यहां सबसे बड़े और प्रभावी धार्मिक संगठन माता वैष्णो देवी सेवादल ने भाजपा के प्रति लगभग बगावत कर दी है। माता वैष्णो देवी सेवादल ने आज कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में वार्ड-35 से देविंदर कुमार गुप्ता के नाम की घोषणा होने के बाद गुप्ता का जोरदार स्वागत किया और उन्हें इस वार्ड से विजयी बनाने का संकल्प लेते हुए उन्हें अपने समर्थन का ऐलान किया।

गौरतलब है कि माता वैष्णो देवी सेवादल चंडीगढ़ का एक बड़ा धर्मिक संगठन है, जो तमाम सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों के आयोजन के अलावा सेक्टर-49 से हर साल शहर की सबसे बड़ी निशुल्क माता वैष्णो देवी यात्रा का भी आयोजन करता है। वार्ड-35 में इस संगठन का बड़ा प्रभाव है और यहां के सैकड़ों लोग इस संगठन के सदस्य हैं। माता वैष्णो देवी सेवादल के चेयरमैन चिराग अग्रवाल भाजपा से जुड़े रहे हैं। इस नाते इस संगठन का मूल झुकाव भी भाजपा के प्रति रहा है।

वार्ड-35 में माता वैष्णो देवी सेवादल के प्रभाव का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि पिछले नगर निगम और लोकसभा चुनावों में इस संगठन के समर्थन के बूते ही इस वार्ड में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। माता वैष्णो देवी सेवादल और भाजपा के जुड़ाव का एक उदाहरण यह भी है कि इस बार की निशुल्क माता वैष्णो देवी यात्रा को भी गत 12 नवंबर को सेक्टर-49 से भाजपा मेयर रविकांत शर्मा, चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन और क्षेत्रीय भाजपा पार्षद हीरा नेगी ने ही झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस यात्रा में 500 श्रद्धालुओं जत्था गया था लेकिन अब जब नगर निगम चुनाव में उम्मीदवारों के चयन का मौका आया तो भाजपा ने इस बड़े धार्मिक संगठन की भावनाओं को नजरंदाज कर दिया। बता दें कि माता वैष्णो देवी सेवादल के चेयरमैन चिराग अग्रवाल वार्ड-35 से भाजपा की टिकट के प्रबल दावेदार थे। भाजपा के इस रवैये से अब इस संगठन में भाजपा के प्रति भारी रोष पैदा हो गया है।

इधर, कांग्रेस ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए माता वैष्णो देवी सेवादल के ही वरिष्ठ सदस्य देविंदर गुप्ता को वार्ड-35 से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। इसके बाद माता वैष्णो देवी सेवादल के पास पूर्ण समर्थन के लिए पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी देविंदर गुप्ता का संगठन ने जोरदार स्वागत किया और उन्हें बहुमत से विजयी बनाने का ऐलान किया। हालांकि इस मौके पर माता वैष्णो देवी सेवादल के चेयरमैन चिराग अग्रवाल उपस्थित नहीं थे। उनसे जब सम्पर्क किया गया तो उन्होंने इस मसले पर अभी कुछ भी स्पष्टीकरण देने से इंकार कर दिया। माता वैष्णो देवी सेवादल के अध्यक्ष रमन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस प्रत्याशी देविंदर गुप्ता के स्वागत के दौरान संगठन के उपाध्यक्ष विकास गुप्ता, महासचिव राजीव सहदेव, कानूनी सलाहकार प्रहलाद वासुदेव, विकास गुरु, संजय शर्मा, तरसेम जैन, जोगिंदर गोयल, साहिल चावला आदि पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!